मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शहर के मोहल्ला सरवट और जसवंतपुरी में स्थित तालाब की सफाई का कार्य नगर पालिका के द्वारा बंद होने पर लोगों में चिंता बढ गई है। उक्त तालाब गंदगी से अटा हुआ है। यहां पर पानी की निकासी प्रभावित बनी रहती है। जिस कारण आस पास के मोहल्लों में बारिश होने पर जलभराव हो जाता है, वहीं घरों में भी पानी भर जाता है। पालिका के द्वारा यहां पर करीब 20 दिन सफाई का कार्य चला है। करीब दस प्रतिशत तालाब की सफाई हुई है। बीच में सफाई का कार्य रूकने पर लोगों में जलभराव को लेकर फिर से चिंता बढ गई है।
शहर के मोहल्ला सरवट में स्थित तालाब की समुचित सफाई नहीं होने के कारण केवलपुरी, जसवंतपुरी और बसंत विहार समेत आसपास के कई मोहल्लों में जल निकासी प्रभावित रहती है। बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। नालियों का पानी निकासी नहीं मिलने के कारण सड़कों पर जलभराव हो जाता है। कई बार पानी लोगों के घरों तक में घुस जाता है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब की सफाई का कार्य शुरू होने से उन्हें जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन कार्य बंद होने के कारण समस्या के समाधान पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से तालाब की शत-प्रतिशत सफाई कराने की मांग की है, ताकि बरसात के दौरान जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त हो सके और मोहल्लेवासियों को जलभराव की समस्या से निजात मिल सके।

इन्होंने बताया
इस संबंध में आगामी बोर्ड बैठक में तालाब की सफाई का प्रस्ताव रखा जाएगा। बोर्ड से स्वीकृति मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
डा. अन्नू चौधरी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी






