मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बुधवार को नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरतीया कॉलोनी तथा नगरीय आयुष्मान आरोग्य मंदिर गांधी नगर, आदर्श कॉलोनी एवं सुजडू चुंगी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा शासन की ओर से संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर चिकित्सा सेवाओं का सुचारू संचालन आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वच्छता बनाए रखने, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें और स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को सुलभ, सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार बनाए रखने तथा मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर भी जोर दिया।






