मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

बुधवार को मंडी क्षेत्र के कई मोहल्लों की करीब दस घंटे बिजली गुल होने से हाहाकार मच गया। विभागीय कर्मचारी शटडाउन लेने के बाद भी निर्धारित समय पर काम पूरा नहीं कर पाए। जिस कारण देर शाम तक भी कई मोहल्लो की बिजली आपूर्ति चालू नहीं हो पाए। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में मुख्य अभियंता से भी शिकायत की है। मुख्य अभियंता के द्वारा तत्काल प्रभाव से शिकायत पर संज्ञान लिया गया है।
पावर कारपोरेशन के द्वारा पचेंडा रोड बिजलीघर पर मेंटेनेंस का कार्य किया जाना था। इस कार्य के लिए करीब दो से तीन घंटे का शटडाउन लिया गया था। इस दौरान पचेंडा रोड पर रजवाहा के पास दो पोल क्षतिगस्त हो गए। यहां पर नए पोल लगाने का कार्य शुरू किया गया। इस दौरान कुछ सिंचाई विभाग के कर्मचारियों द्वारा रजवाहे की जमीन पर कार्य करने की बात कहते हुए काम को रूकवा दिया गया। बिजली विभाग के द्वारा दोपहर में करीब साढे तीन बजे पुराने पोल से एक घंटे के लिए सप्लाई शुरू की गई। शाम तक सप्लाई चालू न होने के कारण स्थानीय लोग परेशान हो गए। एक्सईएन सप्लाई सागर मल के द्वारा सिंचाई विभाग के एक्सईएन से बात की गई। दोनो पोल रात्रि में क्षतिग्रस्त होने की संभावना को लेकर कार्य हेतु दोबारा शटडाउन लिया गया। अंधेरा होने के कारण कार्य समय पर पूरा नहीं हो पाया। जिस कारण लोगों में हाहाकार मच गया। उन्होंने इस संबंध में मुख्य अभियंता विनोद कुमार से शिकायत की। विनोद कुमार से तत्काल प्रभाव से शिकायत पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र सप्लाई चालू करने के निर्देश दिए है।







