मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जल निगम ग्रामीण अधिशासी अभियंता संजीत कुमार कटियार ने बताया है कि गांव-गांव तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई ग्रामीण सड़कों को दुरुस्त करने के लिए उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) द्वारा वृहद रोड रेस्टोरेशन अभियान शुरू किया जा रहा है। 1 अक्टूबर से चलने वाले इस अभियान के लिए सड़कों को चिह्नित कर लिया गया है। यदि किसी गांव की सड़क पाइपलाइन बिछाने के बाद अब तक दुरुस्त नहीं हुई है, तो जल सारथी ऐप के माध्यम से फोटो और वीडियो भेजकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों के माध्यम से सड़क के दुरुस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्राप्त शिकायतों की निगरानी उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) मुख्यालय स्तर से की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जनपद मुजफ्फरनगर के 341 गांवों में पेयजलापूर्ति की जा रही है। शेष गांवों में पेयजलापूर्ति शुरू करने की चरणबद्ध प्रक्रिया चल रही है। घर-घर तक पानी पहुंचाने के लिए जनपद में बिछाई गई पाइपलाइन तथा पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों का विवरण संकलित किया गया है। पेयजलापूर्ति के लिए कुल 2648 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है। पाइपलाइन बिछाने के लिए कुल 2256 किलोमीटर सड़क को तोड़ने/खोदने की आवश्यकता पड़ी। इनमें से 2184 किलोमीटर सड़क का मरम्मत / दुरुस्तीकरण कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष 72 किलोमीटर सड़क को दुरुस्त करने के लिए वृहद स्तर पर अभियान शुरू किया जा रहा है।







