Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ, बेगराजपुर में लगाए गए 6,000 पौधे

एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ, बेगराजपुर में लगाए गए 6,000 पौधे

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा व उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत रविवार को जनपद मुज़फ्फरनगर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया।

सामाजिक वानिकी प्रभाग, मुज़फ्फरनगर द्वारा बेगराजपुर औद्योगिक क्षेत्र, पार्क-1 में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 6,000 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जनभागीदारी का सशक्त संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बरगद का पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या, तीव्र औद्योगिकीकरण एवं घटते वन क्षेत्र के कारण पर्यावरण गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के सम्मान में कम-से-कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं। ये हमें स्वच्छ वायु, जल संरक्षण, जैव विविधता और संतुलित पर्यावरण प्रदान करते हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प ले, तो प्रदेश ही नहीं, पूरा देश हरित और समृद्ध बन सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से “हरा-भरा प्रदेश, खुशियों का संदेश – सुरक्षित जीवन, समृद्ध परिवेश” के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बुढ़ाना विधायक राजपाल बालियान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, नगर पालिका परिषद मुज़फ्फरनगर की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, एमएलसी श्रीमती वंदना वर्मा, राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष संजय राठी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ), क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प दोहराते हुए हरित मुज़फ्फरनगर एवं हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल