मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

पावर कारपोरेशन के मुख्य अभियंता विनोद कुमार गुप्ता ने अपने कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ राजस्व वसूली और कांवड यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक की है। उन्होंने कांवड यात्रा को लेकर अधिकारियों को विभिन्न बिन्दुओं पर दिशा निर्देश दिए है। चीफ ने कम खपत करने वाले उपभोक्ताओं की जांच करने के भी आदेश दिए है।
बैठक में मुख्य अभियंता ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी बकायेदार उपभोक्ताओं से राजस्व वसूली अभियान में पूर्ण गंभीरता एवं सक्रियता के साथ कार्य करें। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि 5 हजार से अधिक बकाया वाले बकायेदारों पर विशेष ध्यान देते हुए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त, औसत से कम विद्युत खपत तथा संयोजित भार से अधिक डिमाण्ड वाले उपभोक्ताओं की गहन जांच करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी प्रकरणों का परीक्षण कर वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया जाए तथा यदि कहीं विद्युत चोरी अथवा मीटर संबंधी अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आगामी कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत व्यवस्था को पूर्णत: सुरक्षित एवं निर्बाध बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक अनुरक्षण (मेंटेनेंस) कार्य / विद्युत लाईनों की गार्डिनिंग / परिवर्तकों की बेरिकेटिग कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं। जिससे श्रद्धालुओं को निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जा सके। मुख्य अभियंता ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करें तथा शासन एवं निगम मुख्यालय के निर्देशों के अनुरूप सभी कार्यों की सतत निगरानी करते हुए समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें।






