मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

गांधी कालोनी जेई और उनके स्टाफ के साथ धक्का मुक्की और अभद्रता करने के मामले में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार की चेतावनी के बावजूद भी नई मंडी कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज न होने की मुख्य अभियंता को फोन पर चेतावनी देते हुए कैबिनेट मंत्री की सोशल मीडिया पर वीडीओ भी वायरल हो गई है। उधर नई मंडी कोतवाली पुलिस ने सरकारी कार्य में बांधा डालने के मामले में जेई की तहरीर पर चार आरोपियोंके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

गत 27 जून की रात्रि करीब डेढ बजे गांधी वाटिका के समीप रखे 400 केवीए का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। रात्रि में मोहल्ले के गुस्साए लोग गांधी कालोनी बिजलीघर पर पहुंचे और 15 मिनट में दूसरा ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर हंगामा कर दिया। बताया जाता है कि इस दौरान जेई और उनके स्टाफ के साथ धक्का मुक्की और अभद्रता की। सुबह करीब नौ बजे बिजली विभाग के द्वारा मौके पर दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया गया। इस बीच कुछ लोगों ने लाइनमैन सुधीर कुमार को बंधक बना लिया। माहोल बिगडने पर कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने दोनों पक्षों को अपने पास बुलाया कर समझौता करा दिया। अब इस प्रकरण में जेई रमनजीत के द्वारा नई मंडी कोतवाली में तहरीर देकर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। उधर कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार की सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गई है। जिसमें मंत्री पावर कारपोरेशन के मुख्य अभियंता विनोद कुमार से फोन पर वार्ता कर रहे है और उन्हें मुकदमा दर्ज न होने की चेतावनी दे रहे है।
इन्होंने बताया
कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार का फोन आया था, लेकिन मुकदमा जेई के द्वारा कराया गया है। जेई ही अपनी रिपोर्ट को वापस ले सकता है।
विनोद कुमार, मुख्य अभियंता





