मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर पालिका में जेएस एनवायरो सर्विसेज प्रा. लि. कम्पनी के एचआर और सीनियर सुपरवाइजर के साथ हुई मारपीट और जानलेवा हमले में सीसीटीवी कैमरों की मद्द ली गई है। नगर पालिका में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालते हुए सात हमलावरों की पहचान की गई है। इसके बाद एचआर और सीनियर सुपरवाइजर के द्वारा शहर कोतवाली में दूसरी तहरीर दी गई है। वहीं कम्पनी ने कार्रवाई न होने पर काम बंद करने की चेतावनी दी है।
मंगलवार को नगर पालिका में जेएस एनवायरो सर्विसेज प्रा. लि. कम्पनी के एचआर सन्नी त्यागी और सीनियर सुपरवाइजर अंशुल सिंह के साथ कुछ कर्मचारियों ने मारपीट कर दी थी। दोनों अधिकारियों को नगर पालिका में दौडा दौडाकर पीटा गई, वहीं जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नीरज बिडला समेत कई के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई थी। बुधवार को नगर पालिका में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। जिसमें सात आरोपियों की पहचान की गई है। इसके बाद नीतेश चौधरी कर्मचारियों को लेकर शहर कोतवाली पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक बृजेश शर्मा से मिलकर पूरे प्रकरण की जानकारी दी और फुटेज दिखाई है। इसके बाद पुलिस को दूसरी तहरीर दी गई है।

सात हमलावरों के खिलाफ दी गई पुलिस को तहरीर
मुजफ्फरनगर। पुलिस को शिवम पुत्र निवासचंद, छोटू पुत्र सोहनलाल, राहुल पुत्र पाला, रोहित पुत्र कक्कू, रविदत्त पुत्र कबाड़ी राम, प्रभात पुत्र रामनिवास तथा नितिन के खिलाफ तहरीर दी गई है। वहीं पुलिस से कडी कार्रवाई की मांग की गई है। नीतेश चौधरी ने कहा कि इस घटना को लेकर कर्मचारी भयभीत है। पुलिस ने कार्रवाई नही की तो नगर की सफाई व्यवस्था और कूड़ा प्रबंधन कार्य प्रभावित होने की आशंका है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।





