मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शहर के वार्ड संख्या 17 कूकड़ा (हरीपुरम) क्षेत्र में करीब 28 लाख की लागत से तैयार हुई पार्क का चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने उद्घाटन किया है। लंबे समय तक कूड़ा-करकट के ढेर के रूप में उपयोग होने वाली पालिका भूमि अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त आकर्षक पार्क में बदल गई है। पार्क के उद्घाटन अवसर पर क्षेत्रवासियों ने पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप का भव्य अभिनंदन कर उनके विकास कार्यों की सराहना की।


नगरपालिका परिषद द्वारा राज्य वित्त आयोग की मद से लगभग 28 लाख रुपये की लागत से कूकड़ा स्थित सरकारी भूमि पर सुन्दर पार्क का निर्माण कराया गया है। इस भूमि पर पहले कूड़ा डाला जाता था, उसे विकसित कर एक सुंदर और उपयोगी सार्वजनिक स्थल का रूप दिया गया है। पार्क में बच्चों के लिए आकर्षक झूले लगाए गए हैं, वहीं नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम की व्यवस्था भी की गई है। पार्क को आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था से सजाया गया है। पाथ-वे के किनारे प्रकाश की विशेष व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटें तथा सोलर लाइटें लगाई गई हैं। भूमि की सुरक्षा के लिए चारदीवारी का निर्माण कराया गया है, जिस पर आकर्षक पेंटिंग्स बनाई गई हैं।

आगंतुकों के बैठने के लिए आठ बेंच स्थापित की गई हैं तथा व्यापक स्तर पर पौधारोपण कर पार्क को हरित स्वरूप प्रदान किया गया है। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार हेतु नगर पालिका परिषद निरंतर कार्यरत है। हमारा प्रयास है कि नगर के प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाए और नागरिकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान सभासद प्रशांत गौतम विपिन शर्मा, राहुल शर्मा, सुशील गोयल, शिव कुमार, अमित शास्त्री (मंडल अध्यक्ष कूकड़ा), अमित शर्मा, अनित गुप्ता, मनोज वर्मा, हिमांशी गौतम आदि मौजूद रहे।





