मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

बुधवार को नगर पालिका के आउट सोर्सिंग के चालकों ने कूडा वाहनों को रोकते हुए कामबंद हडताल कर दी। उनकी हडताल से शहरी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बिगड गई। विभिन्न स्थानों पर दिनभर सड़कों पर कूडे के ढेर लगे रहे। इस हडताल को लेकर चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कडी नाराजगी जताई है। उन्होंने जेएस एनवायरो सर्विसेज प्रा. लि. कम्पनी की टीम को सड़क पर उतार कर कूडा उठवाया है। वहीं नगर पालिका ईओ ने भी उक्त कर्मचारियों को वापस काम पर लौट जाने की चेतावनी दी है।


नगर पालिका में दूसरे दिन भी विभिन्न मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी संघ के महामंत्री मिलन कुमार के नेतृत्व में आउट सोर्सिंग चालक और सफाई कर्मचारियों का धरना जारी रहा। बुधवार सुबह से ही चालकों ने काम बंद की दी। वहीं कूड़ा वाहनों का संचालन नहीं होने दिया। जिस कारण शहर में सफाई व्यवस्था बिगडनी शुरू हो गई है। व्यवस्था को दुरूस्त रखने के लिए चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने जेएस एनवायरो सर्विसेज प्रा. लि. कम्पनी के अधिकारियों को सफाई कराने के निर्देश दिए। चेयरपर्सन के निर्देश पर उक्त कम्पनी के कर्मचारियों ने शहरी क्षेत्र के मुख्य मार्गों से कूडा उठाते हुए सफाई व्यवस्था को संभाला है। उधर धरने पर बैठेसफाई कर्मचारी फिर से ईओ के पास वार्ता करने के लिए पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत में कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं के समाधान की मांग रखी, जबकि प्रशासन ने आउटसोर्स व्यवस्था और नई कंपनी के माध्यम से कार्य संचालन की आवश्यकता को स्पष्ट किया। वार्ता के बावजूद कोई सहमति नहीं बन सकी।

इन्होंने बताया
कूड़ा वाहनों के संचालन का ठेका नई कंपनी को दिया जा चुका है और वर्तमान कर्मचारी भी आउटसोर्स व्यवस्था के अंतर्गत कार्यरत हैं। नई कंपनी कर्मचारियों को समायोजित करने के लिए तैयार है। इस संबंध में संघ प्रतिनिधियों को पहले ही जानकारी दी जा चुकी थी। धरने पर बैठे आउटसोर्स चालकों व कर्मचारियों को कार्य पर वापस लोटने की निर्देश दिए गए है। यदि कर्मचारी वापस काम पर नहीं जाते है तो प्रशासन सख्त निर्णय लेने पर भी विचार करेंगा।
पवन कुमार, ईओ नगर पालिका





