मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज
शाहपुर नगर पंचायत क्षेत्र में बिना निविदा के सड़क और नाली का निर्माण करा दिया है। जिसकी शिकायत डीएम से हुई। डीएम ने संज्ञान लेते हुए एसडीएम बुढाना से जांच कराई गई है। जांच में बिना निविदा के 35 मीटर सड़क और नाली निर्माण होना पाया गया। इस मामले में डीएम ने सम्बन्धित फर्म मै. एचएसी ट्रेडिंग एण्ड कॉन्ट्रेक्टर, मुजफ्फरनगर को ब्लेक लिस्ट करने के निर्देश दिए है।
शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या 9 में स्थित नसीम के मकान से शरीफ के मकान तक 135 मीटर सड़क व नाली निर्माण कार्य की निविदा आमंत्रित किए जाने पर डीएम उमेश मिश्रा को शिकायत प्राप्त हुई। शिकायत में बताया गया कि यह सड़क निविदा से पूर्व ही बनी हुई है। जिस पर डीएम के द्वारा शिकायत पर गंभीरता के साथ संज्ञान लिया गया। डीएम ने इस मामले में बुढाना एसडीएम को जांच करने के निर्देश दिए। एसडीएम बुढाना ने मौके पर पहुंच कर जांच पडताल की। जांच में निविदा में दर्शायी गई सड़क में से 35 मीटर सड़क व नाली निर्माण का कार्य मै. एचएसी ट्रेडिंग एण्ड कॉन्ट्रेक्टर, मुजफ्फरनगर द्वारा बिना निविदा प्रक्रिया के ही कर दिया गया। एसडीएम ने अपनी जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी। डीएम ने नगर पंचायत शाहपुर को बिना निविदा प्रक्रिया के निर्मित 35 मीटर सड़क व नाली निर्माण कार्य को श्रमदान घोषित किये जाने और उक्त निविदा निरस्त किये जाने के निर्देश दिए गए। वहीं सम्बन्धित फर्म मै. एचएसी ट्रेडिंग एण्ड कॉन्ट्रेक्टर, मुजफ्फरनगर को ब्लेक लिस्ट करने के आदेश दिए है।






