मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर दोनों से ही उपभोक्ता काफी परेशान है। भीषण गर्मी में जहां पर जमकर बिजली कटौती होने से उपभोक्ता हलकान बने हुए है, वहीं स्मार्ट मीटर का बिजली बिल उपभोक्ताओं के पसीने छुडा रहा है। अधिकांश उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर से काफी मंहगा बिजली बिल आ रहा है। स्मार्ट मीटर ज्यादा लोड और अधिक रीडिंग दिखा रहा है।
भीषण गर्मी में बिजली की खपत काफी बढ गई है। जिस कारण करीब 25 से 30 फीसदी बिजली की डिमांड बढी हुई है। ऐसे में बिजलीघर भी ओवरलोड बने हुए है। वहीं सप्लाई देने में हॉफ रहे है। जिस कारण रोस्टिंग, बिजली के कट और अघोषित बिजली कटौती का ग्राफ बढता जा रहा है। शहर से लेकर देहात क्षेत्र तक जमकर बिजली कटौती हो रही है। शहरी क्षेत्र में 24 घंटे के स्थान पर 19 से 20 घंटे बिजली सप्लाई हो रही है। वहीं देहात क्षेत्र में 18 घंटे के स्थान पर 10 से 12 घंटे बिजली बडी मुश्किल से मिल रही है। इस बीच भी जमकर बिजली के कट लग रहे है। रात्रि में करीब 20 से 25 कट बिजली के लगते है। सबसे अधिक बिजली कटौती सुबह और रात्रि में हो रही है। जिस कारण शहर की पेयजलापूर्ति भी काफी प्रभावित बनी हुई है। उधर उपभोक्ता स्मार्ट मीटर से भी काफी परेशान है। उपभोक्ताओं का कहना है कि उनके द्वारा कम बिजली खर्च की जा रही है, लेकिन बिजली का बिल काफी महंगा आ रहा है।






