Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » गाडी पर स्टंटबाजी करना पडा महंगा, दो युवक पहुंचे हवालात, सीज हुई गाडी

गाडी पर स्टंटबाजी करना पडा महंगा, दो युवक पहुंचे हवालात, सीज हुई गाडी

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 02.05.2026 की रात्रि को सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें दो युवक थाना सिविल लाइन क्षेत्र के सदर बाजार में गाडी की छत पर बैठकर खतरनाक स्टंट करते हुए दिखाई दे रहे थे, ऐसा करके वह न केवल अपनी जान से खिलवाड़ कर रहे थे, बल्कि सड़क पर चल रहे आम लोगों की जान को भी खुलेआम खतरे में डाल रहे थे। ।

उक्त वीडियो का थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस टीम द्वारा गाड़ी एवं संबंधित युवकों की शीघ्र पहचान कर ली गई। पहचान के आधार पर अभियुक्तगण ऋषभ पुत्र आनंद चौधरी निवासी भरतीया कॉलोनी थाना नई मण्डी, उम्र लगभग 28 वर्ष तथा अक्षय पुत्र लोकेन्द्र सिंह निवासी ग्राम हुसैनपुर भोपाड़ा थाना मंसूरपुर, मुजफ्फरनगर, उम्र लगभग 27 वर्ष के रूप में चिन्हित किए गए। थाना सिविल लाइन पुलिस की तत्परता का परिचय देते हुए मात्र 12 घंटे के भीतर संबंधित वाहन को सीज कर लिया गया तथा दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

जनपद में सड़क को स्टंट का मंच बनाने वाले लापरवाह युवकों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्यवाही की जा रही है तथा किसी भी सूरत में आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्टंटबाजी, हुड़दंग एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल