मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शहर के रामपुरी गेट के समीप एक गाडी की साइड लगने से पोल क्षतिग्रस्त हो गया। जिस कारण बधाई कलां से आ रही 33केवी लाइन में ब्रेकडाउन हो गया। इस वजह से जिला अस्पताल बिजलीघर को सप्लाई नहीं मिल पायी। उक्त बिजलीघर बंद होने के कारण कच्ची सड़क, आनंदपुरी, केवल पुरी, रूडकी रोड आदि मोहल्लों में रातभर करीब 400 से अधिक घरों की बत्ती गुल रही। वहीं इवेंटर भी डाउन हो गए। स्थानीय लोगों ने भीषण गर्मी में बडी मुश्किल से रात गुजारी है। इस दौरान लोग काफी परेशान रहे है।
देर रात्रि करीब 11 बजे जिला अस्पताल बिजलीघर से जुडे मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। मोहल्लेवासियों ने बिजलीघर पर फोन किया तो पता चला कि जिला अस्पताल बिजलीघर को ही ऊपर से सप्लाई नहीं मिल रही है। इसके बाद बिजली कर्मचारियों ने जांच पडताल शुरू की। देर रात्रि में कर्मचारियों को पता चला कि रामपुरी गेट के समीप एक गाडी से साइड मारकर बिजली के पोल को क्षतिग्रस्त कर दिया है। जिस कारण 33केवी लाइन में भी ब्रेकडाउन हो गया है। देर रात्रि में संसाधनों का अभाव होने के कारण कर्मचारी सप्लाई चालू नहीं कर पाए। उधर स्थानीय लोग पूरी रात बिना बिजली के रहे। इस दौरान लोगों के इवेंटर आदि भी डाउन हो गए। ऐसे में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पडा है। सुबह कर्मचारियों ने काम करते हुए सुबह करीब छह बजे बिजली सप्लाई को दुरूस्त किया।

इन्होंने बताया
रामपुरी गेट के समीप एक गाडी की साइड से पोल क्षतिग्रस्त हो गया। जिस कारण उक्त मोहल्लों की रात्रि में सप्लाई बंद रही है। सुबह ब्रेकडाउन आदि को सहीं कराते हुए सप्लाई को चालू करा दिया गया है।
मनोज कुमार, अधीक्षण अभियंता पावर कारपोरेशन






