मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जन्म मृत्यु प्रमाण पत्रों में अनियमितता, लापरवाही और लगातार मिल रही जन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कार्रवाई करते हुए लिपिक मनोज पाल को संबंधित पटल से हटा दिया है। टैक्स विभाग में हुए गडबडझाले के प्रकरण में मनोज पाल कई माह तक सस्पेंड भी रहे है। चेयरपर्सन ने लिपिक नितिन कुमार जन्म-मृत्यु शपथ पत्रों का कार्य एवं लिपिक आकाशदीप को स्वच्छ भारत मिशन से संबंधित कार्य संपादित करने के निर्देश दिए है।
कुछ माह पहले लिपिक मनोज पाल को नगर पालिका में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र पटल और स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। आरोप है कि मनोज पाल के द्वारा उक्त जिम्मेदारी अच्छी तरह से नहीं निभाई गई है। इस संबंध में कई बार ईओ डा. प्रज्ञा सिंह ने भी मनोज पाल की लापरवाही की शिकायत चेयरपर्सन से की है। आरोप है कि लिपिक द्वारा आवेदन पत्रों को गुम कर दिया जाता है, उन्हें अनावश्यक रूप से इधर-उधर भटकाया जाता है, आदेशों का अनुपालन नहीं किया जाता और कार्यों के प्रति गंभीरता नहीं बरती जाती। इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने आदेश जारी कर लिपिक मनोज पाल को तत्काल प्रभाव से दोनों दायित्वो जन्म-मृत्यु शपथ पत्र पटल और स्वच्छ भारत मिशनसे मुक्त कर दिया है।

नगर पालिका चेयरपर्सन ने बताया
लिपिक मनोज पाल के द्वारा जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र और स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों में लापरवाही बरती गई है। कई प्रमाण पत्र गुम कर दिए गए है। वहीं आवेदनकर्ताओं को परेशान किया गया है। इस संबंध में लिपिक मनोज पाल को संबंधित पटल से हटा दिया गया है। उनके स्थान पर लिपिक नितिन कुमार जन्म-मृत्यु शपथ पत्रों का कार्य एवं लिपिक आकाशदीप स्वच्छ भारत मिशन से संबंधित कार्य संपादित करेंगे।
मीनाक्षी स्वरूप, चेयरपर्सन नगर पालिका
नगर पालिका ईओ ने बताया
लिपिक मनोज पाल के खिलाफ गंभीर आरोप सामने आ रहे थे, जिनमें कार्य में लापरवाही और नागरिकों को अनावश्यक परेशान करना मुख्य रूप से शामिल है। अब नए दायित्वधारियों को निर्देशित किया गया है कि सभी कार्य समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किए जाएँ, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की समस्या न हो।
डा. प्रज्ञा सिंह, ईओ नगर पालिका






