मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


तीन माह से वेतन न मिलने पर आउटसोर्स के सफाई कर्मचारियों ने नगर पालिका पहुंच कर जमकर हंगामा किया। सफाई कर्मचारियों ने ईओ का घेराव करते हुए ईपीएफ घोटाले को लेकर आक्रोश जताया है। ईओ ने सेवा प्रदाता ठेकेदार फर्म को कर्मचारियों का शीघ्र वेतन जारी करने के निर्देश दिए।
शहरी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बनाने के लिए नगर पालिका में आउटसोर्स पर 397 कर्मचारी दो ठेकेदार फर्म के अधीन कार्यरत हैं। इनमें 369 सफाई कर्मचारी और 28 वाहन चालक शामिल हैं। दोनों ही ठेकेदार फर्म का ईपीएफ घोटाला सामने आने के बाद इन कर्मचारियों को वेतन का संकट गहरा गया है। पालिका प्रशासन की जांच के बाद ठेकेदार फर्म के खिलाफ सख्ती और उनके भुगतान पर लगाई गई रोक के कारण कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पा रहा है। इसी समस्या को लेकर आउटसोर्स सफाई कर्मचारी मंगलवार को सफाई कर्मचारी संघ के महामंत्री मिलन कुमार, राजकुमार बेनीवाल, सोनू बेनीवाल के नेतृत्व में नगर पालका पहुंचे और ईओ का घेराव करते हुए हंगामा किया। ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने 28 वाहन चालकों की सेवा प्रदान कर रही ठेकेदार फर्म आरवाई सिक्योरिटी एण्ड इंटेलिजेंस प्रा. लि. प्रयागराज और 369 सफाई कर्मियों की सेवा दे रही अलर्ट सिक्योरिटास प्रा. लि. के प्रोपराइटर को फोन कर वेतन जारी नहीं करने के लिए कड़ी फटकार लगाई और चेतावनी दी कि यदि दो दिनों में कर्मियों का वेतन जारी नहीं किया गया तो उन्होंने कहा कि अनुबंध में स्पष्ट किया गया है कि ठेकेदार फर्म किसी भी सूरत में कर्मचारियों को वेतन नहीं रोकेंगी, भले ही पालिका से उनको मासिक भुगतान भी न किया गया हो। ईओ ने भरोसा दिलाया कि दो दिनों में कर्मचारियों को वेतन जारी करा दिया जायेगा।

ठेकेदार फर्म को ब्लैकलिस्ट कर करेंगी रिकवरी
मुजफ्फरनगर। पालिका में आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों के ईपीएफ में बड़ा वित्तीय घोटाला करने वाली ठेकेदार फर्म अलर्ट सिक्योरिटास प्रा. लि. के खिलाफ पालिका प्रशासन सख्त कार्रवाई करने जा रही है। ठेकेदार फर्म को ब्लैकलिस्ट करते हुए ईपीएफ भुगतान का पैसा पाने के लिए रिकवरी की तैयारी की जा रही है। ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने बताया कि अलर्ट सिक्योरिटास को आरोपों के आधार पर अपना पक्ष रखने का समय दिया गया है। ठेकेदार फर्म का कहना है कि ईपीएफ भुगतान किया गया है, लेकिन तकनीकी कारणों से वो पोर्टल पर अद्यतन नहीं हो पाया है। इसके लिए ठेकेदार को बुधवार को पूरे दस्तावेजों के साथ पालिका बुलाया गया है।






