Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » फैक्ट्र्रियों से हो रहे प्रदूषण को लेकर हंगामा, बाहर से आ रहे कचरे पर तत्काल लगे रोक

फैक्ट्र्रियों से हो रहे प्रदूषण को लेकर हंगामा, बाहर से आ रहे कचरे पर तत्काल लगे रोक

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

बुधवार को जिला पंचायत के सभागार में आयोजित हुए किसान दिवस में फैक्ट्रियों के द्वारा किए जा रहे प्रदूषण को लेकर जमकर हंगामा हुआ। भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी और अन्य किसानों ने कहा कि बाहर से आ रहे कचरे को बंद किया जाए। गुस्साए किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मुजफ्फरनगर की सीमा में कचरा आया तो उक्त ट्रकों के पहियों को फोड दिया जाएगा। वहीं किसानों की सूचना पर विभागीय अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे तो उक्त कचरा प्रदूषण विभाग के कार्यालय में भर दिया जाएगा।
जिला पंचायत के सभागार में एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस शुरू किया गया। पिछले माह हुए किसान दिवस में आयी शिकायतों के निस्तारण की जानकारी किसानों को दी गई। किसानों ने कहा कि मंसूरपुर मिल के द्वारा हर पर्ची के भुगतान पर दस रुपए काटे जा रहे है। उन्होंने इसकी शिकायत एडीएम से की है। पिछले कई दिनों से बढते जा रहे वायु प्रदूषण को लेकर किसानों ने कडी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि यदि किसान अपने खेत में गन्ने की पत्ती जलाता है तो उसे प्रदूषण बताकर कार्रवाई की जाती है, लेकिन फैक्ट्रियों में फुंक रहे कचरे से हो रहे प्रदूषण को कोई अधिकारी नहीं देख रहा है। फैक्ट्रियों के द्वारा जनपद की हवा को खराब किया जा रहा है। जिस कारण लोग बीमार हो रहे है। भोपा रोड पर प्रदूषण का बुरा हाल है। इस मामले को लेकर किसानों की प्रदूषण विभाग के एई के साथ भी जमकर बहस हुई। किसानों ने कहा कि बाहर से आ रहे कचरें को तत्काल प्रभाव से रोका जाए। प्रदूषण फैला रही फैक्ट्रियों पर कडी कार्रवाई की जाए। किसानों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसी भी कीमत पर स्मार्ट मीटर नहीं लगने दिए जाएंगे। उन्होंने खराब सड़कों की मरम्मत करने के लिए भी पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों से कहा है। पुरबालिया में चल रही चकबंदी में दस प्रतिशत लोगों को अभी तक भूमि पर कब्जा नहीं मिला है। इस दौरान सुमित चौधरी, गुलबहार राव, मोनू प्रधान, हैप्पी बालियान, दीपांकर चौहान, सचिन चौधरी, हेमेन्द्र कुमार, परमजीत, डब्बू चौधरी, राजवीर, रमेश, राजकुमार, रविन्द्र, महेंद्र, राजेश, उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी जितेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।

सफाई कर्मचारी चला रहे अधिकारियों की गाडी: नवीन राठी
मुजफ्फरनगर। किसान दिवस में ग्रामीण क्षेत्र की सफाई का मुद्दा भी उठाया गया है। किसानों ने आरोप लगाया कि कुछ गांव में सफाई कर्मचारी काम पर नहीं आ रहे है। जिस कारण सफाई व्यवस्था ठप पडी है। कूडा नहीं उठ रहा है, वहीं गंदगी के कारण बीमारी का खतरा बना हुआ है। इस पर भाकियू के जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने कहा कि कुछ सफाई कर्मचारी अधिकारियों के यहां पर खाना बनाने का काम कर रहे है और कुछ कर्मचारी अधिकारियों की गाडी चला रहे है। जिस कारण उक्त गांव में सफाई नहीं हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल