मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस पर नगर पालिका के अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सफाई, पेयजलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट आदि बिन्दुओं को लेकर बैठक की है। मंडी समिति के पास लम्बे समय से लगे कूडे के ढेर को लेकर मंत्री ने कडी नाराजगी जताई है। उन्होंने इसका स्थाई समाधान करने के निर्देश ईओ को दिए है। वहीं शहर में खराब पडी हाईमास्क लाइट और स्ट्रीट लाइटों को सहीं कराने के भी सख्त निर्देश दिए है।


राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान और विकसित भारत 2047 के संकल्प तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुशासन व विकास के विज़न को धरातल पर उतारना हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर की सड़कों, सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि नगर की जनता को वास्तविक सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने सर्कुलर रोड स्थित श्रीराम चौक से फाटक की ओर सड़क निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही स्वस्थ समाज की कुंजी है और यह प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन की आत्मा है। उन्होंने प्रकाश व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि नगर की सभी प्रमुख सड़कों और चौराहों पर हाईमास्ट व एलईडी लाइटों को सहीं कराने के निर्देश दिए है। नगर में हर गली-चौराहे पर पर्याप्त रोशनी आवश्यक है। पार्कों का रख-रखाव, चौकों का सुंदरीकरण और दीवारों पर प्रेरणादायी चित्रकला नगर की छवि को निखारेंगे। इस दौरान ईओ डा. प्रज्ञा सिंह, एई नैपाल सिंह, जेई राजीव, जेई जितेन्द्र सैनी, जेई कपिल कुमार आदि मौजूद रहे।






