मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

बुधवार को जिला पंचायत के सभागार में एडीएम वित्त राजस्व गंभीर सिंह ने आईजीआरएस व सीएम डैशबोर्ड तथा कर करेत्तर के संबंध में समीक्षा बैठक की है। उन्होंने सभी संबंधित के विभाग के अधिकारियों से कहा कि शासन के सत्य निर्देश हैं कोई भी जन शिकायत व जन समस्याएं डिफाल्टर की श्रेणी में ना पहुंच पाए, इससे पहले उनका निस्तारण हो जाए, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


उन्होंने सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त संदर्भों को निर्धारित समय सीमा के अन्दर तथा गुणवत्ता परक निस्तारित करें। जिससे कोई भी संदर्भ डिफाल्टर की श्रेणी में न जाए। संदर्भों के निस्तारण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाए। कोई भी संदर्भ सी श्रेणी एवं असंतुष्ट फीडबैक संदर्भ का निस्तारण करने से पूर्व शिकायतकर्ता से संपर्क कर वार्ता करने के उपरान्त ही आख्या अपलोड कराये जाने के निर्देश दिये गये। आईजीआरएस से संबंधित शिकायती प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए विद्युत विभाग के सभी खंड, जिला पंचायतीराज विभाग, लघु सिंचाई, जल निगम ग्रामीण विकास प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग, बेसिक शिक्षा ग्राम विकास, जिला चकबंदी, जिला पूर्ति विभाग आदि विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि संदर्भों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता की संतुष्टि का फीडबैक पर विशेष ध्यान दिया जाए। सीएम डैशबोर्ड की प्रगति रिपोर्ट में खराब श्रेणी प्रदर्शित करने वाले इंडिकेटर में रहने वाले अधिकारी निस्तारण में सुधार लाएं जाने हेतु सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए आईजीआरएस व सीएम डैशबोर्ड तथा प्रकरणों के निस्तारण में यदि सुधार नहीं आया तो संबंधित विभाग के अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सी श्रेणी विभाग के अधिकारियों पर जताई नाराजगी
मुजफ्फरनगर। उन्होंने कर करेत्तर की समीक्षा करते हुए सी श्रेणी विभागों के अधिकारियों को कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने निर्देश दिए है कि वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत वसूली कार्य कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारी नगर पालिकाओं एवं अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, कृषि विभाग के अधिकारियो को निर्देश दिए अभियान चलाकर वसूली का लक्ष्य श्री प्रतिशत पूर्ण किया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही ना बरती जाए। अन्यथा संबंधित विभाग के अधिकारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।






