मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक, युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने लखनऊ में बापू भवन में प्रमुख सचिव गन्ना एवं चीनी उद्योग वीना कुमारी से मुलाकात कर गन्ने का मूल्य पेराई सत्र शुरू होने से पहले घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि चीनी का मूल्य एवं गन्ना किसानों की बढ़ती लागत के कारण गन्ने का मूल्य कम से कम 500 रुपए कुंतल दिया जाना आवश्यक है।
प्रदेश के लगभग 48 लाख गन्ना किसान परिवार प्रत्यक्ष रूप से इससे जुड़े हैं। कृषि मजदूरों, परिवहन, चीनी मिलों, कोल्हू एवं गुड़ उद्योग सहित लाखों लोगों की आजीविका भी इस पर निर्भर है। धर्मेन्द्र मलिक ने कहा कि पिछले वर्षों में डीजल, खाद, कीटनाशक, सिंचाई और कृषि मजदूरी की लागत में लगातार वृद्धि हुई है, जबकि गन्ने के मूल्य में वृद्धि लागत के अनुरूप नहीं हुई। दूसरी ओर, चीनी के बाजार मूल्य में वृद्धि और कई क्षेत्रों में कोल्हुओं द्वारा चीनी मिलों की निर्धारित दरों से अधिक मूल्य पर गन्ने की खरीद की स्थितियां किसानों के उचित मूल्य की मांग को मजबूत करती हैं। चीनी के बाजार मूल्य में वृद्धि भी किसानों को बेहतर मूल्य देने का आधार प्रस्तुत करती है। केंद्र सरकार के 21 अगस्त 2026 के आंकड़ों के अनुसार, 20 जुलाई से 20 अगस्त 2026 के बीच चीनी का औसत खुदरा मूल्य 48.18 रुपए से बढ़कर 55.70 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया। चीनी के खुदरा मूल्य और मिल के वास्तविक लाभ में अंतर अवश्य है, लेकिन चीनी, एथेनॉल, शीरा एवं अन्य उप-उत्पादों से होने वाली आय को ध्यान में रखकर गन्ना मूल्य का निष्पक्ष निर्धारण किया जाना चाहिए। वर्तमान में कोल्हू क्रेशर पर गन्ने की खरीद 480 रु कुंतल की जा रही है जिससे शुगर मिलों के सामने गन्ना आपूर्ति का संकट है। पिछले वर्ष भी कोल्हू, क्रेशर पर राज्य परामर्शी मूल्य से अधिक भुगतान किया है।







