Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » उर्वरक की 28 दुकानों पर छापेमारी, 13 नमूने जांच को भेजे, एक दुकानदारों को नोटिस जारी

उर्वरक की 28 दुकानों पर छापेमारी, 13 नमूने जांच को भेजे, एक दुकानदारों को नोटिस जारी

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

किसानों को गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराने और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद की बिक्री रोकने के लिए डीएम उमेश मिश्रा के निर्देश पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने छापेमारी की है। जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया और उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने विभाग की टीमों के साथ उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों और बिक्री केंद्रों पर औचक निरीक्षण एवं छापेमारी की। इस दौरान 28 उवर्कर की दुकानों पर छापेमारी करते हुए 13 नमूने लिए गए है। वहीं एक दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिला कृषि अधिकारी राहुल सिंह तेवतिया व एसटीए ने 19 दुकानों पर छापेमारी करते हुए उर्वरक के 10 नमूने लिए है। वहीं उप कृषि निदेशक ने 9 दुकानों पर छापेमारी करते हुए उर्वरक के 3 नमूने लिए है। सभी 13 नमूनों को जांच के लिए लैब में भेजा गया है। कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया ने बताया कि इस अभियान को उद्देश्य किसानों को पीओएस मशीन के माध्यम से निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराना और उर्वरकों की बिक्री व्यवस्था पर निगरानी रखना है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उर्वरक विक्रेताओं के स्टॉक रजिस्टर, वितरण रजिस्टर और उपलब्ध खाद के अभिलेखों की जांच की। इसके साथ ही पीओएस मशीन में दर्ज बिक्री तथा वास्तविक स्टॉक का मिलान करने के निर्देश दिए गए, ताकि खाद की उपलब्धता और वितरण में पारदर्शिता बनी रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी उर्वरक विक्रेता अपने आवंटित क्षेत्रों में सघन निरीक्षण सुनिश्चित करें। किसानों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तायुक्त खाद उपलब्ध कराई जाए। यदि किसी विक्रेता के यहां उर्वरक की गुणवत्ता को लेकर संदेह हो तो तत्काल नमूना लेकर जांच के लिए भेजा जाए। उर्वरक की बिक्री में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश-1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत की गई कार्रवाई की रिपोर्ट शासन के निर्देशानुसार भेजी जा रही है। कृषि विभाग का उद्देश्य किसानों को समय पर उचित मूल्य पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराना और खाद की कालाबाजारी पर अंकुश लगाना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल