Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » रोहन राठी हत्याकांड को लेकर भाकियू के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एसएसपी आफिस पर किया प्रदर्शन

रोहन राठी हत्याकांड को लेकर भाकियू के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एसएसपी आफिस पर किया प्रदर्शन

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

रोहन राठी हत्याकांड को लेकर बुधवार को एसएसपी कार्यालय पर भारतीय किसान यूनियन और ग्रामीणों का प्रदर्शन है। हरैटी गांव के रोहन राठी की हत्या के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों से कार्यालय पहुंच रहे हैं। इस दौरान गाड़ियों को एसएसपी कार्यालय के अंदर जाने से रोकने पर किसानों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। प्रदर्शनकारी मामले की जांच से संतुष्ट नहीं हैं और उनका कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए।

रोहन राठी पुरकाजी थाना क्षेत्र के हरैटी गांव के ग्राम प्रधान विवेक राठी के बेटे थे। 24 सितंबर को उनका शव गांव के जंगल में खेत के पास मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामला हत्या का सामने आया। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन परिवार और ग्रामीण पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हुए। इसके बाद से ही मामले के सही खुलासे और निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।

पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष के बीच मामले की जांच के लिए छह सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) भी गठित की गई थी। हाल ही में लखनऊ से आई मेडिकोलीगल टीम ने एसआईटी और साइबर टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए सीन रीक्रिएशन की कार्रवाई की। इसके बावजूद परिजनों और ग्रामीणों की शंकाएं दूर नहीं हुई हैं।
इस मामले को लेकर पहले भी गांवों में पंचायतें हो चुकी हैं। भारतीय किसान यूनियन और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी थी कि यदि उन्हें जांच और कार्रवाई से संतोष नहीं हुआ तो एसएसपी कार्यालय पर धरना दिया जाएगा। ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में निष्पक्ष जांच, वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और सीबीआई से जांच कराने की मांग शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल