Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » ट्रक ने बंद कर दी दो बिजलीघरों की सप्लाई, रातभर उपभोक्ता रहे परेशान

ट्रक ने बंद कर दी दो बिजलीघरों की सप्लाई, रातभर उपभोक्ता रहे परेशान

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

देर रात्रि में एक ट्रक ने गांव सलेमपुर के समीप 33केवी बिजली की लाइन में टक्कर मार दी। हादसे में 33 केवी मिमलाना रोड एवं शामली रोड लाइन के पोल और विद्युत तार क्षतिग्रस्त हो गई। जिस कारण मिमलाना रोड और शामिल रोड बिजली घर से कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति रातभर प्रभावित रही। भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति ठप होने से उपभोक्ता भी काफी परेशान रहे। उधर डीएम कंट्रोल पर दर्ज हुई शिकायत के बाद पावर कारपोरेशन के अधिकारियों को सूचित किया गया।
पावर कारपोरेशन के एक्सईएन सप्लाई सागर मल ने बताया कि रात करीब 11 बजे ट्रक पोल में घुस गया, जिससे लाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। डीएम कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। सबसे पहले दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को लाइन से हटाया गया, जिसके बाद क्षतिग्रस्त तारों को अस्थायी रूप से जोड़कर बिजलीघरों की आपूर्ति करीब तीन बजे सुचारु कर दी गई। क्षतिग्रस्त पोल और तारों को स्थायी रूप से बदलने के लिए लगभग चार घंटे का शटडाउन लिया गया। इस दौरान नए पोल नई लाइन खींचकर व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया गया। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक विद्युत व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के मामले में संबंधित ट्रक चालक के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल