मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

भारतीय किसान यूनियन (सेवक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर दीपक सोम के नेतृत्व में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री में नाम आठ सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान लगातार गन्ने के मूल्य पर आंदोलन करता है। इन आंदोलनों को रोकने के लिए गन्ना मूल्य वार्षिक प्रतिशत में नियमानुसार तय किया जाए। किसानों के लिए घरेलू बिजली बिल हाफ किया जाए। मुजफ्फरनगर से गुजर रही काली नदी एवं हिंडन नदी के बढ़ते प्रदूषण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में बीमारियां फैल रही हैं। नदियों को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। कृषि अनुसंधान पर खर्च के बावजूद किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध न होने का मुद्दा भी उठाया गया तथा जांच समिति गठित कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। सभी किसान परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने, किसान सम्मान निधि को पुन: शुरू करने, किसान क्रेडिट कार्ड की ऋण सीमा बढ़ाने एवं ब्याज पूरी तरह माफ करने की मांग भी की गई। गोरखपुर-अंबाला हाईवे से प्रभावित किसानों को वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार चार गुना मुआवजा दिए जाने की मांग करते हुए कहा गया कि मौजूदा मुआवजा भूमि के वास्तविक मूल्य की तुलना में काफी कम है। भारतीय किसान यूनियन (सेवक) ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन किसानों के हित में आगे की रणनीति तय कर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।






