Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मुजफ्फरनगर स्थित प्लेटिनम रिसॉर्ट में आयोजित भव्य प्रबुद्ध सम्मेलन में उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही हजारों की संख्या में उपस्थित प्रबुद्धजनों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जोरदार जयघोष के साथ उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। पूरे सभागार में उत्साह, ऊर्जा और जनसमर्थन का अभूतपूर्व वातावरण देखने को मिला।
मुख्य अतिथि खाद्य एवं रसद मंत्री  मनोज कुमार पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि प्रबुद्ध समाज किसी भी राष्ट्र की वैचारिक चेतना और विकास का आधार होता है। भारतीय संस्कृति, ज्ञान, शिक्षा, आध्यात्मिक परंपरा और राष्ट्र निर्माण में प्रबुद्ध वर्ग का योगदान सदैव अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि जब समाज का बुद्धिजीवी वर्ग सही दिशा में मार्गदर्शन करता है, तब राष्ट्र प्रगति के नए शिखर स्थापित करता है।
खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ के प्रभावी एवं निर्णायक शासन में उत्तर प्रदेश सुशासन, सुरक्षा, विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का नया अध्याय लिख रहा है। आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है, निवेश के नए अवसर सृजित हुए हैं, आधारभूत संरचना का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है तथा गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
खाद्य एवं रसद मंत्री  मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि खाद्य एवं रसद विभाग पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न पहुंचा रहा है। तकनीक आधारित सार्वजनिक वितरण प्रणाली ने व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाया है। सरकार का संकल्प है कि किसी भी पात्र व्यक्ति को उसके अधिकार से वंचित न रहना पड़े।
खाद्य एवं रसद मंत्री  मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में प्रबुद्ध समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी प्रबुद्धजनों से आह्वान किया कि वे समाज में सकारात्मक संवाद, सामाजिक समरसता और राष्ट्र प्रथम की भावना को सुदृढ़ करें तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री  अनिल कुमार ने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  कपिल देव अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रबुद्ध समाज का मार्गदर्शन और सहयोग एक सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने सभी प्रबुद्धजनों से विकास यात्रा में सक्रिय सहभागी बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक सचिन शर्मा, विजय शुक्ला, देवेन्द्र गुरियर, जॉनी गुर्जर, सुमित बजरंगी, कपिल शर्मा, ओमदत्त शर्मा, राकेश दीवान एवं ब्रजेश वशिष्ठ सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन में हजारों की संख्या में प्रबुद्धजन, सामाजिक प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल