मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

पावर कारपोरेशन ने कांवड यात्रा को सुरक्षित और सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए कार्य शुरू कर दिया है। कांवड मार्ग पर रखे ट्रांसफार्मर की बेरिकेडिंग कराई जा रही है। वहीं बिजली के पोल को पन्नी लगाकर कवर किया जा रहा है।
पावर कारपोरेशन के अधिकारियों ने कांवड मार्ग पुरकाजी, बझेडी रोड, मदीना चौक, कच्ची सड़क, रूडकी रोड, शिव चौक, मीनाक्षी चौक, मेरठ रोड, मंसूरपुर, खतौली, नावला कोठी, भगत सिंह रोड, हनुमान चौक, शामली रोड, जानसठ रोड, भोपा रोड, गंगनहर की पटरी आदि स्थानों पर निरीक्षण करते हुए करीब 9,791 बिजली के पोल को चिन्हित किया था। शिव भक्तों की सुरक्षा के लिए बिजली विभाग के द्वारा इन पोल पर पन्नी लगाकर कवर किया जा रहा है। ताकि कांवड यात्रा के दौरान इन पोल में करंट न उतर सके। कांवड मार्ग पर रखे करीब 903 ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग का कार्य भी शुरू हो गया है। बिजली विभाग के कर्मचारियों के द्वारा ट्रांसफार्मर की बेरिकेडिंग की जा रही है। जिससे श्रद्धालु सुरक्षित दूरी बनाए रख सकें। बिजली विभाग के द्वारा करीब 840 स्थानों पर बिजली के तारों को ऊंचा किया गया है। सड़क और हाईवे क्रासिंग से गुजर रही बिजली की लाइन के नीचे तारों का जाल बनाने की तैयारी की जा रही है।






