Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » अधिक वर्षा से प्रभावित गांवों का उप जिलाधिकारी न्यायिक‚ बुढाना ने किया निरीक्षण, राहत एवं सहायता के दिए निर्देश

अधिक वर्षा से प्रभावित गांवों का उप जिलाधिकारी न्यायिक‚ बुढाना ने किया निरीक्षण, राहत एवं सहायता के दिए निर्देश

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जनपद में लगातार हो रही अधिक वर्षा के कारण प्राप्त सूचनाओं के क्रम में आज  उप जिलाधिकारी न्यायिक, बुढाना‚  राजकुमार भारती द्वारा बुढाना तहसील के ग्राम टोडा, रसूलपुर‚ दभेड़ी‚ हुसैनाबाद भनवाडा एवं कल्याणपुर गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिक वर्षा के कारण मकान ढहने से प्रभावित स्थानों का अवलोकन किया गया तथा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की गई।

उप जिलाधिकारी न्यायिक ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्हें प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रभावित परिवारों को शासन के प्रावधानों के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करते हुए क्षति का आकलन करने तथा नियमानुसार मुआवजा संबंधी कार्रवाई शीघ्र संपन्न करने के निर्देश दिए साथ ही शासनादेश के अनुसार पात्र प्रभावित परिवारों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत 72 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

“प्रशासन द्वारा क्षेत्र पर सतर्क दृष्टि बनाए रखी जा रही है तथा किसी भी अपरिहार्य स्थिति में तत्काल रेस्क्यू एवं राहत कार्य सुनिश्चित किए जा रहे हैं‚ निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि क्षेत्र में निरंतर निगरानी बनाए रखें तथा किसी भी नई घटना की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करें। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा स्थानीय स्तर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सक्रिय रखने के भी निर्देश दिए गए।

उप जिलाधिकारी न्यायिक ने ग्रामीणों से अपील की कि लगातार वर्षा के दौरान जर्जर भवनों एवं जलभराव वाले स्थानों से दूर रहें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। जिला प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा वर्षा से उत्पन्न परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल