Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » अस्पताल की ओटी को किया सील, संचालक से मांगा स्पष्टीकरण

अस्पताल की ओटी को किया सील, संचालक से मांगा स्पष्टीकरण

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जनपद मुजफ्फरनगर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देशन में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने बुधवार को खतौली क्षेत्र के विभिन्न निजी अस्पतालों एवं मेडिकल संस्थानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दयालपुर स्थित अनीता मेडिकेयर में अभिलेखों में दर्ज एमबीबीएस चिकित्सक मौके पर उपस्थित नहीं मिले। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए अस्पताल की ओ. टी.को सील कर दिया गया तथा संचालक को स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद टीम ने शर्मा मेडिकल सेंटर का निरीक्षण किया। यहां आवश्यक दस्तावेज एवं अभिलेख पूर्ण न मिलने पर संचालक को नोटिस जारी करते हुए सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए।

इसके उपरांत अपेक्स हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया गया। यहां भी आवश्यक अभिलेखों में कमियां मिलने पर अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया और निर्धारित मानकों के अनुसार सभी दस्तावेज पूरे करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अन्य निजी चिकित्सीय संस्थानों की भी जांच की गई। जिन संस्थानों में दस्तावेजों या अन्य व्यवस्थाओं में कमियां पाई गईं, उन्हें चेतावनी देते हुए शीघ्र सुधार करने के निर्देश दिए गए। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने कहा कि जनपद में निजी चिकित्सीय संस्थानों का नियमित निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का पालन न करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल