Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » रिटायर्ड एआरटीओ के घर से 1.62 करोड कैश, 9 किलो सोना और 13 किलो चांदी बरामद

रिटायर्ड एआरटीओ के घर से 1.62 करोड कैश, 9 किलो सोना और 13 किलो चांदी बरामद

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

उत्तर प्रदेश की विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए परिवहन विभाग के रिटायर्ड अधिकारी के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। छापे में विजिलेंस की टीम को सोने-चांदी और बेनामी संपत्तियों का भारी जखीरा हाथ लगा है। इतनी बड़ी बरामदगी ने जांच अधिकारियों को भी हैरान कर दिया है। विजिलेंस विभाग के मुताबिक ललित कुमार तत्कालीन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जनपद आगरा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में उनके ठिकानों पर विभाग की ओर से 7 और 8 जुलाई को सर्च की कार्रवाई की गई। ललित कुमार के ठिकानों पर की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में कीमती आभूषण और नकदी बरामद हुई है। तलाशी के दौरान टीम को लगभग 9 किलोग्राम सोना, 13 किलोग्राम चांदी और अन्य बहुमूल्य आभूषण मिले हैं। बरामद किए गए इस सोने-चांदी की बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। सर्च के दौरान आरोपी के मकान में भारी मात्रा में कैश, सोने और चांदी के बिस्किट, हीरे, बेशकीमती आभूषण आदि बरामद किए गए। जांच टीम ने 1 करोड़ 62 लाख रुपये कैश भी बरामद किया। घर में कई जगह पैकेट में छिपा कर ये रुपये रखे गए थे। बरामद सोने-चांदी और आभूषण का जब मूल्यांकन कराया गया तो कुल 9 किलो सोना और 13 किलो चांदी की मात्रा पाई गई। इनका कुल मूल्य करीब 20 करोड़ आंका गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल