मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जनपद में शीघ्र शहनाई बजने जा रही है। जिला समाज कल्याण विभाग को शासन स्तर से 1367 बेटियों की शादी कराने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए ब्लाक स्तर पर आवेदन मांग जा रहे है। अभी करीब 50 आवेदन मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लिए आए है। इस कार्यक्रम में सामान और भोजन आदि की व्यवस्था करने वाली फर्म को चिन्हित करने के लिए टेंडर निकाला जा रहा है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को लेकर शासन स्तर पर कुछ बदलाव किए गए है। पहले प्रत्येक जोडे पर एक लाख रुपए की धनराशि खर्च की जाती है। जिसमें दुल्हन के खाते में 60 हजार रुपए की धनराशि कन्यादान के रूप में जाती है। वहीं 25 हजार रुपए से पायल, बिछिया आदि अन्य उपहार का सामान दिया जाता है। अब समाज कल्याण विभाग के द्वारा 30 ग्राम की पायल और 10 ग्राम की बिछिया दुल्हन को नहीं दी जाएगी। नई व्यवस्था के अनुसार उक्त आभूषण के लिए निर्धारित चार हजार रुपए की धनराशि दुल्हन के खाते में जाएगी। इस तरह से दुल्हन को 64 हजार रुपए की धनराशि दी जाएगी। वहीं 21 हजार रुपए के उपहार दिए जाएगे। शासन स्तर से इस बार 1367 बेटियों की शादी कराने का जिला समाज कल्याण विभाग को लक्ष्य मिला है। इसके लिए विभाग के द्वारा तैयारियां की जा रही है। जयमाला से पहले वर और वधु की बायोमैट्रिक और फेस स्कैनिंग भी होगी।
————–
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में यह मिलेगा सामान
मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 5 साड़ी ब्लाउज सहित, चुनरी, पैन्ट का कपड़ा, शर्ट का कपड़ा, गमछा, डिनर सेट, कुकर, कढ़ाही, ट्रॉली बैग, वैनिटी किट, दीवार घड़ी, सीलिंग फैन, आयरन प्रेस, डबल बेड चादर, कम्बल, गद्दा/मैट्रेस, तकिया, सिन्होरा, चूड़ी (लाल काँच की) आदि सामान दिया जाएगा।
—————–
कोट
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के लिए शासन स्तर से 1367 बेटियों की शादी कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए आवेदन मांगे जा रही है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने पर आयोजन के लिए शासन स्तर से तिथि का चयन होगा।
कमलेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी






