मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर पालिका में धरने पर बैठे कुछ सफाई कर्मचारी और चालकों ने जेएस एनवायरो सर्विस प्रा.लि. के एचआर और सीनियर सुपरवाइजर के साथ जमकर मारपीट की। उक्त लोगों ने दो अधिकारियों को नगर पालिका में दौडा-दौडाकर पीटा है। नगर पालिका में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह घटना कैद हो गई है। जेएस एनवायरो सर्विस प्रा.लि. कम्पनी के प्रोजेक्ट मैनेजर नीतेश कुमार शहर कोतवाली पहुंचे और घटना के संबंध में पुलिस को जानकारी दी। सहायक प्रबंधक मनीष कुमार ने सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष समेत कई लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
मंगवार को जेएस एनवायरो सर्विस प्रा.लि. कम्पनी के सहायक प्रबंधक मनीष कुमार एसआर सन्नी त्यागी और सीनियर सुपरवाईजर अंशुल के साथ नगर पालिका में आए थे। बताया जाता है कि मनीष कुमार ईओ पवन कुमार से मीटिंग करने के लिए उनके कार्यालय में चले गए और सन्नी व अंशुल नगर पालिका में नीचे ही रह गए। इस बीच नगर पालिका में धरने पर बैठक सफाई कर्मचारी और चालकों ने दोनों के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि चाकू और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की भी धमकी दी गई। कुछ दिन पहले ग्रांड प्लाजा मॉल पर भी कुछ लोगों ने पहुंच कर प्रोजेक्ट मैनेजर नीतेश कुमार को भी जान से मारने की धमकी दी थी। नगर पालिका में लगे सीसीटीवी कैमरों में मारपीट की घटना कैद हो गई है। इसके बाद प्रोजेक्ट मैनेजर नीतेश कुमार उक्त लोगों के साथ शहर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को घटना क्रम की जानकारी देते हुए तहरीर दी। पुलिस ने बुधवार सुबह 11 बजे तक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।






