Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » पालिका में विवादित रहे डा. अजय प्रताप शाही हटे, डा. अन्नू चौधरी को बनाया गया नगर स्वास्थ्य अधिकारी

पालिका में विवादित रहे डा. अजय प्रताप शाही हटे, डा. अन्नू चौधरी को बनाया गया नगर स्वास्थ्य अधिकारी

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर पालिका में विवादों से घिरे नगर स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर कार्यरत डा. अजय प्रताप शाही को सीएमओ के द्वारा कार्रवाई करते हुए हटा दिया गया है। सीएमओ ने उनके स्थान पर डॉ. अन्नू चौधरी को नगर स्वास्थ्य अधिकारी नियुक्त किया गया है। मंगलवार को डा. अन्नू चौधरी ने चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप से उनके आवास पर पहुंंच कर मुलाकात की और नगर पालिका में जामकर ईओ को योगदान आख्या दी। इसके बाद उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी का कार्यभार संभाला है।
नगर पालिका में नगर स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर कार्यरत डा. अजय प्रताप शाही काफी विवादों में घिरे रहे है। कमला नेहरू वाटिका में कटे हरे पेडों के मामले में सभासद राजीव शर्मा ने उनके खिलाफ शिकायत की थी। सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नीरज बिड़ला के साथ कथित अभद्रता और गाली-गलौज के मामले में भी उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी गई थी। इसके अलावा शहर के विभिन्न होटल में बैठकर आफिस चलाना और पत्रावलियां आदि मंगाने के मामले में भी तत्कालीन ईओ डा. प्रज्ञा सिंह ने डा. अजय प्रताप शाही को नोटिस जारी किया था। उक्त विवादों के बढने पर चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने सीएमओ पत्र लिखकर नगर स्वास्थ्य अधिकारी को हटाने की मांग की थी। इसके बाद सीएमओ कार्यालय से सोमवार देर रात आदेश जारी करते हुए डॉ. अजय प्रताप शाही को पद से हटाकर डॉ. अन्नू चौधरी को नगर स्वास्थ्य अधिकारी नियुक्त कर दिया। नवनियुक्त नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अन्नू चौधरी इससे पहले मखियाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रभारी चिकित्साधिकारी के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। बाद में वे पीजी कोर्स करने के लिए शैक्षणिक अवकाश पर चले गए थे। हालांकि स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते उनका कोर्स पूरा नहीं हो सका और वे पुन: सरकारी सेवा में लौट आए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल