मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

गुरुवार को शहर के तीन हजार से अधिक घरों में बिजली और पानी की व्यवस्था ठप रही है। इस दौरान लोगों में त्राहि-त्राहि मच गई। बिजली विभाग के द्वारा मेरठ रोड पर 11केवी लाइन के जर्जर तारों को बदलने का कार्य चला है। जिस कारण नुमाईश कैम्प और सुजडू बिजलीघर से कई घंटे के लिए शॅटडाउन रहा है। इस दौरान विकास भवन की बिजली सप्लाई भी ठप रही है। जिस कारण वहां पर कार्य प्रभावित रहा है।
मेरठ रोड पर 11केवी लाइन काफी पुरानी होने के कारण जर्जर हो चुकी थी। बिजली विभाग के द्वारा 11केवी लाइन को तारों को गुरुवार को बदलने का कार्य किया गया। इस दौरान सुजडू और नुमाईश कैम्प बिजलीघर से करीब पांच घंटे शॅटडाउन रहा है। बिजली विभाग के द्वारा निर्धारित समय से करीब एक घंटे बाद जर्जर तारों को बदलने का कार्य किया गया है। ऐसे में नुमाईश कैम्प, केशवपुरी, रामपुरम, योगेन्द्र कालोनी, शिक्षक कालोनी, सुजडू, जहांगीर पट्टी, खालापार और किदवईनगर आदि मोहल्लों की बिजली सप्लाई बंद रही है। ऐसे में इन मोहल्लों में पानी की सप्लाई भी प्रभावित रही है। विभागीय कर्मचारियों के द्वारा शाम करीब पांच बजे तक काम किया गया। इस दौरान करीब पांच से छह घंटे बिजली सप्लाई ठप रही है। बिजली और पानी को लेकर उक्त लोगों में दिनभर त्राहि-त्राहि मची रही। उधर विभाग भवन में भी बिना बिजली के कार्य प्रभावित रहा है। वहीं भीषण गर्मी से कर्मचारी काफी परेशान रहे।
——————
फोटो
मेरठ रोड पर बिजली विभाग के द्वारा 11केवी लाइन के जर्जर तारों को बदलते कर्मचारी







