Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » नाला निर्माण में लापरवाही करने पर आवासीय भवनों में क्षति, लोगों ने सड़क पर रहकर बीताई रात

नाला निर्माण में लापरवाही करने पर आवासीय भवनों में क्षति, लोगों ने सड़क पर रहकर बीताई रात

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नाला निर्माण में बरती गई घोर लापरवाही पर चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कडी नाराजगी जताते हुए सीएंडडीएस के अवर अभियंता को चेतावनी पत्र भेजा है। जिसमें उन्होंने बताया है कि नाला निर्माण कार्य प्रारम्भ करने से पूर्व क्षेत्र की जल निकासी हेतु कोई प्रभावी एवं वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई। इसके विपरीत, निर्माण कार्य के दौरान मौजूदा जल निकासी मार्ग को अवरुद्ध कर दिया गया। जिसके परिणामस्वरूप वर्षा एवं गंदा पानी क्षेत्र के अनेक मकानों में भर गया। जलभराव के कारण अनेक आवासीय भवनों को क्षति पहुंची है तथा नागरिकों की संपत्ति को गंभीर नुकसान हुआ है। स्थिति इतनी भयावह हो गई कि कई परिवारों को अपने घर छोड़कर सड़कों पर रात गुजारने के लिए विवश होना पड़ा।
चेयरपर्सन ने पत्र में कहा है कि क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है तथा उनके द्वारा प्रदर्शन, हंगामा एवं क्षेत्र से पलायन तक की चेतावनी दी गई है। उक्त क्षेत्र में पूर्व में जलभराव एवं निर्माण संबंधी अव्यवस्थाओं के कारण जनहानि की घटनाएं घटित हो चुकी हैं। इसके बावजूद आपकी संस्था द्वारा आवश्यक सावधानियां नहीं बरती गईं, जो घोर संवेदनहीनता एवं प्रशासनिक लापरवाही का परिचायक है। निर्माण कार्य से निकाली गई सिल्ट एवं मलबे को व्यवस्थित ढंग से निस्तारित करने के बजाय सड़कों पर फैला दिया गया, जिससे आमजन का आवागमन बाधित हुआ तथा स्थानीय नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

चेयरपर्सन के द्वारा दिए गए सख्त निर्देश
1. प्रभावित क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से जल निकासी की समुचित एवं वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
2. निर्माण कार्य के कारण जिन मकानों एवं नागरिकों को क्षति हुई है, उसका तत्काल सर्वेक्षण कर विस्तृत आख्या उपलब्ध कराई जाए।
3. सड़कों पर फैलाई गई सिल्ट एवं मलबे को तत्काल हटाकर आवागमन सुचारू कराया जाए।
4. निर्माण कार्य के दौरान सभी सुरक्षा मानकों एवं जनहित संबंधी व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
5. इस गंभीर लापरवाही के लिए उत्तरदायी अधिकारियों एवं कार्मिकों का निर्धारण कर उनके विरुद्ध की गई कार्रवाई से नगरपालिका परिषद् को अवगत कराया जाए।
6. उक्त प्रकरण में की गई कार्यवाही की विस्तृत रिपोर्ट 48 घंटे के भीतर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल