मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

गुरुवार की देर रात्रि में आए तूफान से बिजली विभाग को करीब 72 लाख का नुकसान हुआ है। तूफान के कारण शहरी और देहात क्षेत्र में करीब 162 बिजली के पोल गिरे है, वहीं करीब 65 ट्रांसफार्मर डेमेज हुए है। इस दौरान शहर से लेकर देहात तक बिजली आपूर्ति रातभर ठप रही है। मुख्य अभियंता विनोद कुमार, अधीक्षण अभियंता मनोज यादव और संजय कुमार ने देर रात्रि तक कर्मचारियों से पेट्रोलिंग कराते हुए आपूर्ति में सुधार कराने के प्रयास किए है। शुक्रवार सुबह को शहरी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सामान्य हुई और दोपहर में देहात क्षेत्र की बिजली आपूर्ति चालू हुई है।
पिछले कई दिनों से हो रही भीषण गर्मी से लोगों का बुरा हाल बना हुआ था। गुरुवार की सायं अधिक उमस होने के कारण लोग काफी परेशान हो गए। देर रात्रि में अचानक मौसम में परिवर्तन हो गया। आकाश में काले बादल उमड आए और ठंडी हवा चलने लगी। कुछ देर के बाद तूफान के साथ बूंदा बांदी शुरू हो गई। इस दौरान लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली, लेकिन पावर कारपोरेशन को भारी नुकसान का सामना करना पडा है। तूफान के कारण हाईटेंशन लाइनों पर पेड और डालियां टूटकर गिर गई। हाईटेंशन लाइनों में बे्रकडाउन हो गया। उधर करीब 162 बिजली के पोल टूटकर गिर गए। वहीं करीब 265 से अधिक स्थानों पर बिजली के तार टूटे और कई किलोमीटर बिजली की लाइन डेमेज हुई है। इसके अलावा 65 ट्रांसफार्मर डेमेज हो गए। इस दौरान जनपद के करीब 110 बिजलीघर पूरी तरह से बंद रहे। इस दौरान शहर और देहात क्षेत्र की आपूर्ति काफी प्रभावित रही है। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने कार्य करते हुए सप्लाई को सामान्य किया है।

इन्होंने बताया
रात्रि में आए तूफान के कारण विभाग को करीब 72 लाख का नुकसान हुआ है। इस दौरान करीब 162 बिजली के पोल गिरे है। वहीं 65 ट्रांसफार्मर डेमेज हुए है। काम कराते हुए जनपद की आपूर्ति को दुरूस्त किया गया है।
विनोद कुमार, मुख्य अभियंता





