मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

भीषण गर्मी में बिजली अधिकारी ओवरलोड को कम करने में लगे हुए है। इसके लिए उनके द्वारा चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शहर के मोहल्ला खालापार और किदवईनगर में चैकिंग के दौरान कई घरों में बिजली चोरी पकडी गई है। पांच से अधिक उपभोक्ताओं के मीटर में छेडछाड पायी गई है। वहीं कुछ लोग लाइन पर कटिया डालकर बिजली चोरी करते हुए पकडे गए है। करीब एक सप्ताह में 50 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज हुई है।
मुख्य अभियंता विनोद कुमार के निर्देशन में जनपद में बडे स्तर पर चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान को उद्देश्य लोड को कम करना और बिजली चोरी को रोकना है। सहायक अभियन्ता (वाणिज्य-2) सतेन्द्र कुमार के कुशल नेतृत्व में विभागीय टीम दिलीप यादव, अवर अभियन्ता (रेड), शीशराम, अवर अभियन्ता (रेड), एवं विजिलेंस टीम-अमित गोस्वामी प्रभारी प्रवर्तन दल, महिला हैड कॉस्टेबिल मोनिका, हैड कांस्टेबिल जितेन्द्र, कांस्टेबिल सचिन, रोहित, नवनीत द्वारा संयुक्त रूप से विद्युत चोरी रोकने हेतु सधन मॉर्निंग रेड/विद्युत चैकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान खालापार, किदवईनगर के क्षेत्र में जाँच की गई। जिसमें उपभोक्ताओं द्वारा अवैध रूप से विद्युत उपभोग करते हुए विद्युत चोरी पाई गई। जाँच के दौरान पांच से अधिक मीटर में छेडछाड पायी गई। इसके अतिरिक्त कई लोग केबिल डालकर अवैध रूप से विद्युत उपयोग करते हुए पाया गया। उक्त प्रकरणों में विद्युत अधिनियम-2003 की सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। सम्बन्धित उपभोक्ताओं के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। गत एक सप्ताह से लगभग 50 लोगों पर विद्युत चोरी के प्रकरणों में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।






