मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मंगलवार की सायं तेज हवा के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने शहर और देहात क्षेत्र की बिजली आपूर्ति को ठप कर दिया। तेज हवा के कारण हाईटेंशन लाइनों के ऊपर पेडों की डालियां टूटकर गिर गई। जिस कारण 11केवी और 33केवी की लाइनों में ब्रेकडाउन होने के कारण 90 से अधिक बिजलीघर पूरी तरह से बंद है। उधर बारिश रूकने पर विभागीय कर्मचारियों ने फाल्ट, ब्रेकडाउन आदि की तलाश शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि रात्रि तक आपूर्ति दुरूस्त कर ली जाएगी।
पिछले कई दिनों से तेज हवा, तूफान और बारिश के कारण जनपद की बिजली आपूर्ति बाधित बनी हुई है। इस दौरान बिजली के तार और पोल आदि टूटने से पावर कारपोरेशन को भी लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। मंगलवार को तेज धूप होने के कारण गर्मी बढ गई। दोपहर बाद मौसम में परिवर्तन हो गया। आकाश में बादल छा गए। सायं करीब पांच बजे बारिश, ओलावृष्टि के साथ तेज हवा चलने लगी। इस बीच शहर और देहात क्षेत्र की बिजली आपूर्ति हाईटेंशन लाइनों में आए बे्रकडाउन के कारण ठप हो गई। अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार का कहना है कि बारिश रूकते ही कर्मचारियों ने आपूर्ति को दुरूस्त करने के लिए काम शुरू कर दिया है। रात्रि तक पूरे जिले की आपूर्ति को दुरूस्त कर लिया जाएगा।






