मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

पावर कारपोरेशन के मुख्य अभियंता विनोद कुमार और अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार के द्वारा मोहल्ला किदवईनगर में पहुंच कर बंद पडे स्मार्ट मीटरों की जांच की गई है। उन्होंने मौके पर उपभोक्ताओं से रिचार्ज कराते हुए बंद पडे स्मार्ट मीटरों को चालू कराया है। वहीं उपभोक्ताओं को इस संबंध में जानकारी दी है। वहीं स्मार्ट मीटर के लाभ के संबंध में भी अवगत कराया है।


गुरुवार को 33/11 केवी उपकेन्द्र शामली रोड स्थित मोहल्ला किदवईनगर में स्मार्ट मीटरों की जांच करने के लिए पावर कारपोरेशन के अधिकारियों की टीम पहुंची। मुख्य अभियंता विनोद कुमार के नेतृत्व मे अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार यादव, एक्सईएन कुलदीप सिंह, एसडीओ मनोज कुमार के द्वारा क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। उनके द्वारा क्षेत्र में बन्द पडे स्मार्ट मीटरों की बारीकी से जांच की गयी और कई उपभोक्ताओं से मौके पर ही बकाया धनराशि जमा कराई गयी। अचानक हुई कार्यवाही से इलाके में हलचल मच गई। इसी दौरान चौ० जीशान सिद्दीकी किसान यूनियन के सदस्यों साथ मौके पर पहुंचे। उनके द्वारा उपस्थित अधिकारियों के समक्ष विद्युत मीटरों के सम्बन्ध में अपनी समस्याएँ रखी गयी। मुख्य अभियन्ता के द्वारा साईट पर ही तकनीकी खामियों की समीक्षा के साथ-साथ उपभोक्ताओं की समस्याएं को सुनकर समस्याओं का निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर को लेकर फैल रही अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है। क्योकि 5 प्रतिशत मीटरों के साथ में पुराने मीटर लगे छोडे गये है। जिसमें मोहल्लों के लोग दोनों मीटर से विद्युत खपत की तुलना कर लें। अभी तक एक भी मीटर के तेज चलने की रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। उनके द्वारा अवगत कराया गया कि समय से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने यह भी बताया कि नई व्यवस्था के तहत अब पूरे क्षेत्र का शटडाउन नहीं किया जाएगा, बल्कि केवल बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन पर ही कार्यवाही होगी। इससे नियमित भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलेगी। विभागीय अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और किसी भी समस्या के समाधान के लिए सीधे बिजली विभाग से सम्पर्क करें।






