Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण हुआ पूरा, अब जनगणना 2027 की तैयारी

फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण हुआ पूरा, अब जनगणना 2027 की तैयारी

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज,

जिला जनगणना अधिकारी के कुशल पर्यवेक्षण में “प्रस्तावित जनगणना-2027” की तैयारियों के अंतर्गत द्वितीय चरण के तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जनपद स्तर पर निर्धारित प्रशिक्षण केंद्र एस०डी० पब्लिक स्कूल भोपा रोड मु०नगर में आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विकास खंडों एवं शहरी क्षेत्रों से नामित फील्ड ट्रेनरों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य फील्ड ट्रेनरों को जनगणना से संबंधित अद्यतन प्रक्रियाओं, तकनीकी पहलुओं तथा डेटा संकलन की नवीन पद्धतियों से अवगत कराना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना की अवधारणा, उसके महत्व, घर-घर सर्वेक्षण की विधि, परिवार एवं व्यक्तिगत विवरणों के संकलन, डिजिटल उपकरणों के प्रयोग तथा डेटा की शुद्धता एवं गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा बताया गया कि जनगणना-2027 देश की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय संरचना को समझने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसके आधार पर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं नीतियों का निर्माण किया जाता है, अतः यह आवश्यक है कि जनगणना कार्य पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं सटीकता के साथ संपन्न कराया जाए।

प्रशिक्षण सत्रों में विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रायोगिक अभ्यास भी कराया गया, जिससे प्रतिभागियों को वास्तविक परिस्थितियों में कार्य करने का अनुभव प्राप्त हो सके। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें क्षेत्र में आने वाली संभावित चुनौतियों से निपटने के उपाय भी बताए गए।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी द्वारा सभी प्रतिभागियों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर बधाई दी गई तथा अपेक्षा व्यक्त की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना कार्य को पूर्ण जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ संपन्न कराएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर आगामी चरण में गणनाकारों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे, जिससे जनगणना-2027 की प्रक्रिया को सुचारु एवं प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल