मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर पालिका के द्वारा करीब 33.24 लाख से कराए जा रहे देवी अहिल्याबाई होल्कर चौक के सौन्दर्यीकरण पर सभासदों के द्वारा सवाल उठाए गए है। सभासदों ने संबंधित ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए नगर पालिका ईओ से शिकायत की है। उन्होंने शिकायत करते हुए बताया कि टेंडर पर पास मैटिरियल के अनुसार निर्माण कार्य नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने इस आईआईटी लैब रूडकी से निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।
सभासद अमित कुमार, देवेश कौशिक, रितु त्यागी, अर्जुन कुमार, सुनीता के द्वारा देवी अहिल्याबाई होल्कर चौक के सौन्दर्यीकरण को लेकर नगर पालिका ईओ से शिकायत की गई है। सभासदों ने बताया कि देवी अहिल्याबाई होल्कर चौक के सौन्दर्यकरण हेतु नगरपालिका परिषद मुजफ्फरनगर द्वारा 16 मई 2025 को एक टेन्डर पास किया गया था। उक्त टेन्डर में देवी अहिल्याबाई होल्कर चौक के सौन्दर्यकरण व अहिल्याबाई की मूर्ति लगाने का कार्य पास किया गया था। उक्त टेन्डर में कार्य की अनुमानित लगात करीब 33,24,967 रूपये पास की गयी थी। नगर पालिका द्वारा पास किये गये अधिकृत नक्शे के अनुरूप व टेन्डर में दिये गये मैटिरियल की मानकों के अनुसार निर्माण कार्यों में मैटिरियल प्रयोग नहीं किया जा रहा है। सौन्दर्यकरण के निर्माण कार्य में प्रयोग किये जा रहे मैटिरियल की गुणवत्ता टेन्डर में दिये गये मानकों के अनुसार प्रयोग नहीं की गयी है। घटिया किस्म का मैटिरियल पत्थर आदि प्रयोग किया जा रहा है। जिस कारण निर्माण कार्य जल्द ही खुर्द-बुर्द हो जायेगा। ठेकेदार द्वारा कराये गये निर्माण कार्य में प्रयोग किया गया मैटिरियल की जांच आईआईटी लैब रूडकी द्वारा करायी जानी आवश्यक है, ताकि पालिका का पैसा बरबाद होने से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि ठेकेदार द्वारा कराये गये उक्त निर्माण कार्य का भुगतान जांच के बाद होना चाहिए।







