मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

वित्तीय वर्ष समाप्त होने जा रहा है। ऐसे में नगर पालिका करीब 67.97 प्रतिशत टैक्स की वसूली कर पायी है। जबकि शासन स्तर से नगर पालिका को 13.80 करोड की वसूली करने का लक्ष्य निर्धारित है। इस लक्ष्य के सापेक्ष नगर पालिका अभी तक करीब 8.44 करोड की राजस्व वसूली कर पायी है। निर्धारित लक्ष्य पूर्ण न होने पर ईओ ने राजस्व निरीक्षकों के वेतन पर रोक लगाई हुई है।
शहरी क्षेत्र में करीब 83 हजार से अधिक भवन है। जिनसे नगर पालिका गृहकर और जलकर वसूल करती है। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में शामिल हुए करीब 35 हजार भवन टैक्स के दायरे से बाहर है। शासन स्तर से नगर पालिका को 31 मार्च 2026 तक 13.80 करोड रुपए का टैक्स वसूली करने का लक्ष्य दिया गया है। नगर पालिका इसके सापेक्ष अभी तक करीब 8.44 करोड रुपए वसूल पायी है। नगर पालिका हाउस टैक्स में निर्धारित लक्ष्य 4.43 करोड के सापेक्ष करीब 2.72 लाख रुपए वसूल पायी है। वाटर टैक्स में निर्धारित लक्ष्य 4.43 करोड के सापेक्ष करीब 2.65 करोड रुपए वसूल पायी है। वहीं जलमूल्य में निर्धारित लक्ष्य 2.37 करोड के सापेक्ष करीब 97.33 लाख रुपए वसूल पायी है। उधर नगर पालिका ने किराया शुल्क 45.99 लाख, लाइसेंस शुल्क 52.67 लाख वसूला है। पिछले साल नगर पालिका ने लक्ष्य से अधिक करीब 7.79 करोड की राजस्व वसूली की थी। इस बार नगर पालिका निर्धारित लक्ष्य से काफी दूर है। जिस कारण ईओ ने राजस्व निरीक्षकों के वेतन पर रोक लगा दी है।

इन्होंने बताया
शासन स्तर से नगर पालिका को 31 मार्च 2026 तक 13.80 करोड रुपए का टैक्स वसूली करने का लक्ष्य दिया गया है। उक्त धनराशि के सापेक्ष अभी तक करीब 8.44 करोड रुपए वसूल पायी है। निर्धारित लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए प्रयास किए जा रहे है।
पारूल यादव, प्रभारी टीएस नगर पालिका






