मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


कमिश्नर डा. रूपेश कुमार ने नगर पालिका का निरीक्षण करते हुए कम टैक्स वसूली और विभिन्न स्थानों पर टंकियो से आ रहे गंदे पानी की शिकायत पर कडी नाराजगी जताई है। उन्होंने डीएम और नगर पालिका ईओ को तत्काल प्रभाव से पानी की सप्लाई में सुधार कराने के निर्देश दिए है। वहीं ईओ को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए है।
शुक्रवार को सहारनपुर मंडलायुक्त ने नगर पालिका पहुंच कर सर्वप्रथम टैक्स विभाग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्षिक टैक्स वसूली की पत्रावली को देखा। नगर पालिका के द्वारा मात्र 56 प्रतिशत टैक्स वसूली होना दर्शाया गया। जबकि 31 मार्च को वित्तीय वर्ष खत्म होने जा रहा है। ऐसे में कम टैक्स वसूली को लेकर कमिश्नर के द्वारा कडी नाराजगी जताई गई है। निरीक्षण के दौरान उन्हें शहर में विभिन्न स्थानों पर टंकियों से खराब पानी आने की शिकायत मिली। जिस पर कमिश्नर ने डीएम और ईओ को सुधार कराने के निर्देश दिए। एई जलकल के द्वारा अवगत कराया गया कि कम्बलवाली गली में आ रही गंदे पानी की समस्या का समाधान कराया जा रहा है। इस दौरान कमिश्नर को बताया गया है कि आर्यपुरी और पटेल नगर में भी गंदा पानी आ रहा है। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप और ईओ डा. प्रज्ञा सिंह के द्वारा कमिश्नर को बताया गया है सभासद मनोज वर्मा का वार्ड 49 सबसे सुंदर और साफ बना हुआ है। जो विकसित वार्ड की ओर बढ रहा है।

शौचालय घोटाले में रिकवरी व फार्म मशीनी की शिकायत
मुजफ्फरनगर। गांव पीनना निवासी समाजसेवी सुमित मलिक ने कमिश्नर से फार्म मशीनी बैंक योजना अपात्रों को कृषि यंत्र देने के संदर्भ में, शौचालय घोटाला रिकवरी के संदर्भ में और सिंचाई विभाग की सड़कों में गुणवत्ता खराब पाए जाने के बाद कर्मचारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई न होने के मामले में शिकायत की है। उन्होंने बताया कि फार्म मशीनरी बैंक योजना वर्ष 2017-18 में 23 समूह को कृषि यंत्र अपात्रों को दिए गए। जिलाधिकारी कार्यालय से जांच रिपोर्ट गायब हो चुकी है। वर्ष 2018-19 में 498 गांव में 53183 शौचालय बनाए गए थे। शिकायत के उपरांत 2130 अपात्र शौचालय ग्रामीण क्षेत्रों में मिले। 2.51 करोड की रिकवरी होनी थी,लेकिन अभी तक 27 लाख रुपए की रिकवरी हुई है। करोड़ों रुपए की शेष रिकवरी अभी तक नहीं की गई।






