मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर पालिका के निर्माण कार्यों के टेंडरों में आए अनुभव प्रमाण पत्र का सत्यापन किए बना वित्तीय बिड को खोल दिया गया है। इस मामले में ईओ के द्वारा कडी नाराजगी जताई गई है। ईओ ने इस मामले में एई निर्माण को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वही तत्काल प्रभाव से स्पष्टीकरण मांगा है। करीब 114 निर्माण कार्यों के टेंडरों की वित्तीय बिड त्रुटिपूर्ण सत्यापन करते हुए खोल दी गयी, उक्त के संबंध में लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। ईओ ने कहा है कि यदि ऐसा है तो साथ ही उक्त निविदा को निरस्त कर पुन: निविदा आमंत्रित करने हेतु स्पष्ट आख्या प्रस्तुत करें।
नगर पालिका के कुछ निर्माण कार्यों के टेंडरों में फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र को लेकर घमासान मचा हुआ है। अभी हाल में एक ठेकेदार फर्म का फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र सामने आया है। ईओ डा. प्रज्ञा सिंह ने एई निर्माण नेपाल सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए कहा कि उक्त निविदा में शिकायत प्राप्त हो रही है कि निविदा में फर्जी अनुभव प्रमाण-पत्र लगाये जा रहे है। परन्तु आपके द्वारा उक्त अनुभव प्रमाण-पत्र का सत्यापन कराये बिना उक्त वित्तीय बिड को खोल दिया गया है। जिससे स्पष्ट होता है कि आपके द्वारा निविदा के प्रपत्रों का तकनीकी परिक्षण गंभीरता पूर्वक न करके त्रुटिपूर्ण परिक्षण करते हुए अपने पदीय दायित्यो का निर्वहन में लापरवाही बरती गयी है। 8 जनवरी के माध्यम से 20 निर्माण कार्यो की ई-निविदाओं में लगे प्रपत्रों की जांच एवं सत्यापन ससमय कराते हुए त्रुटिरहीत तकनीकी परिक्षण किया जाये। 19 दिसम्बर 2025 के माध्यम से 114 निर्माण कार्यों की वित्तीय बिड त्रुटिपूर्ण सत्यापन करते हुए खोल दी गयी है। उक्त के संबंध में एई निर्माण से लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं निर्देशित किया गया है कि यदि ऐसा है तो साथ ही उक्त निविदा को निरस्त कर पुन: निविदा आमन्त्रित करने हेतु स्पष्ट आख्या प्रस्तुत करे।

भाजपा सभासदों ने 218 निर्माण कार्यों की निविदा को निरस्त करने की मांग
मुजफ्फरनगर। भाजपा सभासद योगेश मित्तल, राजीव शर्मा, मनोज वर्मा आदि ने नगर पालिका ईओ को पत्र भेजकर करीब 218 निर्माण कार्यों की निविदा को निरस्त करने की मांग की है। उन्होंने अपने पत्र में कहा है कि निर्माण कार्यों में फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र का मामला सामने आया है। इस तरह के प्रकरण को लेकर नगर पालिका की छवि धूमिल हो रही है। उन्होंने नगर पालिका ईओ से 12 जनवरी को 113 और 27 जनवरी को हुई 105 निविदा को निरस्त कर दोबारा से आमंत्रित की मांग की है।






