मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन सेवक के बैनर तले किसानों ने कलेक्ट्रेट में यूजीसी बिल के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। भाकियू सेवक के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर दीपक सोम के नेतृत्व में सैकडों लोग महावीर चौक से पैदल यात्रा निकालते हुए कलेक्ट्रेट में पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। किसानों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एडीएम वित्त एंव राजस्व गजेन्द्र कुमार को दिया है।


राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर दीपक सोम ने कहा कि प्रस्तावित यूजीसी बिल 2026 में शामिल जातीय प्रावधान देश की शिक्षा व्यवस्था, विद्यालयों के वातावरण, सामाजिक समरसता तथा बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर अत्यंत गंभीर और दूरगामी नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं। शिक्षा संस्थानों में जातीय विभाजन व बच्चों में द्वेष की उत्पत्ति होगी। विद्यालय और विश्वविद्यालय ऐसे स्थान हैं जहाँ विभिन्न समुदायों के बच्चे एक साथ अध्ययन कर समानता व सहयोग, सीखते हैं। प्रस्तावित प्रावधान बच्चों को जाति आधारित समूहों में बाँट देंगे। सवर्ण समाज के बच्चों के प्रति संभावित अन्याय व मानसिक उत्पीड़न प्रस्तावित प्रणाली से सवर्ण समाज के बच्चों को अनावश्यक अपराध-बोध से ग्रसित किया जा सकता है। उन्हें दोषारोपण व अलगाव का सामना करना पड़ सकता है। शिक्षा किसी भी बच्चे के लिए भेदभाव या मानसिक बोझ का माध्यम नहीं होनी चाहिए। शिक्षा का राजनीतिकरण एवं गुणवत्ता में गिरावट का खतरा है। बच्चों को उनकी जाति के आधार पर विभाजित करना शिक्षा के मूल अधिकार के विरुद्ध है। राष्ट्र की सामाजिक एकता को स्थायी नुकसान होगा यदि बच्चे ही जाति आधारित समूहों में बाँटे जाएंगे, तो समाज स्थायी रूप से कई खंडों में विभाजित हो जाएगा। आने वाले दशकों तक सामाजिक संघर्ष की संभावना बढ़ सकती है। यह परिस्थितियाँ राष्ट्रीय अखंडता और सामूहिक प्रगति के लिए अत्यंत हानिकारक हैं। उन्होंने कहा कि यह ज्ञापन केवल एक वर्ग के लिए नहीं, बल्कि सम्पूर्ण राष्ट्र और भविष्य की पीढ़ियों के हित में प्रस्तुत किया जा रहा है। आशा है कि महामहिम इस विषय की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए देशहित में उचित एवं आवश्यक कदम उठाएंगे। इस दौरान विनीत त्यागी, राकेश राजपूत, सुभाष सोम, अंकुर राणा, आदेश सैनी, राहुल कश्यप, नितिन धीमान, बबलू सोम, अमृतपाल, अरशद राणा,चौधरी देवेंद्र लाटियान, चौधरी वसंत तालियान, विकास प्रजापति, अरविन्द पुंडीर आदि मौजूद रहे।






