मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार रविवार को मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान 2026 के अंतर्गत सहारनपुर मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार व जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा द्वारा विधानसभा क्षेत्र पुरकाजी के मतदान केंद्र बालिका इंटर कॉलेज, ग्राम पिनना का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र पर उपस्थित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा पुनरीक्षण 2026 की दृष्टिगत तैयार की गई आलेख (ड्राफ्ट) मतदाता सूची एवं अन-कलेक्टेबल सूची का वाचन कर नागरिकों को सुनाया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बीएलओ से मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। डोर-टू-डोर अभियान चलाकर ऐसे मतदाताओं से फॉर्म एकत्रित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर फॉर्म-6 (नया नाम जोड़ने), फॉर्म-7 (नाम हटाने) एवं फॉर्म-8 (त्रुटि संशोधन/स्थानांतरण) के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। निरीक्षण के दौरान उपस्थित आम जनमानस एवं मतदाताओं ने जिला निर्वाचन अधिकारी से संवाद कर अपनी व्यावहारिक समस्याओं से अवगत कराया। जिस पर मंडलायुक्त द्वारा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा ने समस्त मतदाताओं से अपील की है कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपने तथा अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी का नाम छूट गया हो तो फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र एवं आवश्यक अभिलेख संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराकर नाम जुड़वाया जा सकता है। साथ ही, उन्होंने फॉर्म-8 के माध्यम से त्रुटि संशोधन एवं स्थानांतरण की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए सभी नागरिकों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। विशेष पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत छह विस क्षेत्रों के 1982 बूथों पर नए वोट बनाई गई है। बीएलओ के द्वारा सभी बूथों पर वोटर लिस्ट को पढकर सुनाया गया है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार तथा निर्वाचन दृष्टीकरण अधिकारी राहुल भट्ट एवं अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।







