मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


शहर के वार्ड संख्या 20 मोहल्ला कम्बल वाली गली में टंकियों से गंदा पानी आने पर गुस्साए मोहल्लेवासी नगर पालिका में पहुंचे और जमकर विरोध प्रदर्शन करते हुए हंगामा किया। मोनिका ने गंदे पानी से भरी बोतल नगर पालिका ईओ को दिखाई, वहीं जलकल विभाग के जेई पर फोन न उठाने को आरोप लगाया। मोहल्लेवासियों ने बताया कि वह इस समस्या से पिछले कई साल से जूझते आ रहे है। नई पाइप लाइन डलने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। ईओ ने मौके पर जलकल विभाग के एई और जेई को तलब किया।


मोहल्ला कम्बल वाली गली में वर्ष 2024 से दूषित पानी आने की समस्या बनी हुई है। नगर पालिका के द्वारा यहां पर नई पाइप लाइन भी डाली गई है, लेकिन फिर भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। मंगलवार को मोहल्लेवासी नगर पालिका पहुंचे और ईओ के समक्ष कडी नाराजगी जताई। मोहल्लेवासियों ने बताया कि सीवर गटर ओवरफुल होने के कारण टंकियों से गंदा पानी आता है। ईओ डा. प्रज्ञा सिंह ने मौके पर एई अनुज कुमार और जेई जितेन्द्र कुमार को तलब किया है। उन्होंने फोन न उठाने पर जेई को फटकार लगाई है। एई अनुज कुमार ने बताया कि उक्त मोहल्ले की पानी की सप्लाई में सुधार के लिए काम चल रहा है। अधिकांश लोगों के पानी कनेक्शन गल चुके है। जिस कारण दूषित पानी की समस्या बनी हुई है। ऐसे लोगों के पानी के पाइप बदले जाने है। इस दौरान मोनिका, मामचंद, संगीता, विनोद, वासू, विजय, सतीश, सचिन, मुन्नी देवी, मोनू, रित्रू, सोनिया, शकुन्तला, मदन लाल, सीमा, बाला, गुडिया, रीना, ललिता, अनमोल, गौरव आदि मौजूद रहे।
इन्होने बताया
कम्बल वाली गली में आ रहे दूषित पानी की जांच के निर्देश जलकल विभाग के एई और जेई को दिए गए है। शीघ्र शुद्ध पानी की सप्लाई के आदेश दिए गए है। जब तक स्थाई समाधान नहीं होता है तब तक उक्त स्थान पर पानी के टैंकर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए है।
डा. प्रज्ञा सिंह, ईओ नगर पालिका






