मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मखियाली का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं में गंभीर लापरवाहियां सामने आने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया और तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के समय सदर चिकित्सक डॉ. सदफ नासिर महिला चिकित्सा अधिकारी, श्रीमती ममतेश स्टाफ नर्स, दीपक तोमर STLS तथा मोनू लैब टेक्नीशियन ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित सभी अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सभी अनुपस्थित कर्मी तीन दिवस के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण कार्यालय में प्रस्तुत करें। निर्धारित समयावधि में संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने की स्थिति में उनके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर, शौचालयों , औषधि भंडारण एवं कोल्ड चैन में अत्यधिक गंदगी एवं अव्यवस्था पाई गई। अस्पताल परिसर की दयनीय स्वच्छता व्यवस्था को देखकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी अत्यंत नाराज हुए। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुख्यालय को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अस्पताल में स्वच्छता एवं मूलभूत व्यवस्थाएं किसी भी स्थिति में उपेक्षित नहीं की जा सकतीं।
डॉ. सुनील तेवतिया ने निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर की संपूर्ण साफ-सफाई तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित की जाए, ऑपरेशन थिएटर एवं शौचालयों की नियमित एवं गहन सफाई कराई जाए तथा मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि स्टाफ की उपस्थिति प्रतिदिन सुनिश्चित की जाए, ड्यूटी चार्ट का कड़ाई से पालन हो तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आमजन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण संस्थान है और यहां किसी भी प्रकार की अनियमितता, गंदगी अथवा ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में यदि ऐसी स्थिति दोबारा पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ करें, ताकि जनसामान्य को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकें।






