मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


शनिवार की देर रात्रि भीषण ठंड के दौरान एडीएम वित्त एंव राजस्व, एसडीएम सदर और नगर पालिका ईओ ने अलाव व रेन बसेरे की व्यवस्था को परखा है। एडीएम वित्त एंव राजस्व गजेन्द्र कुमार ने कहा कि बेसहारा लोगों को ठंड से बचाने के लिए उचित इंतजाम किए जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान रेन बसेरे में उपलब्ध रहने की व्यवस्था, कंबल, स्वच्छता, प्रकाश एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया गया। व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाए जाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। टीम द्वारा जानसठ रोड ओवरब्रिज, रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्र तथा कंपनी गार्डन में सघन भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान खुले में सो रहे नागरिकों को शीतलहर से होने वाले संभावित खतरों के प्रति जागरूक करते हुए मानवीय संवेदनशीलता के साथ रेन बसेरों में सुरक्षित रूप से पहुंचाया गया। यह भी सुनिश्चित किया गया कि कोई भी व्यक्ति खुले में ठंड से प्रभावित न रहे। भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर अलाव ताप रहे नागरिकों से संवाद स्थापित कर अलाव, कंबल एवं अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई। जहां आवश्यकता प्रतीत हुई वहां संबंधित विभागों को त्वरित सुधार के निर्देश दिए गए। प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि शीतकाल के दौरान जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और शासन के निर्देशों के अनुरूप इस प्रकार के निरीक्षण, राहत एवं बचाव कार्य निरंतर एवं नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि जनपद में कोई भी नागरिक ठंड के कारण असुरक्षित न रहे। इस दौरान एसडीएम प्रवीण कुमार द्विवेदी, तहसीलदार सदर राधेश्याम, पालिका ईओ डा. प्रज्ञा सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल एवं अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।







