मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

पंचायत एवं स्थानीय निकाय निर्वाचन कार्यालय के वरिष्ठ सहायक हनीफ अहमद का बुधवार तड़के आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही कलेक्ट्रेट और निर्वाचन कार्यालय में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों और अधिकारियों ने उनके निधन को विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया। कहा जा रहा है कि अचानक हार्ट अटैक के कारण उनका निधन हुआ।
सूत्रो के अनुसार मंगलवार की रात हनीफ अहमद देर रात ढाई बजे तक कार्यालय में निर्वाचन संबंधी कार्यों में जुटे रहे। बताया जा रहा है कि दिल्ली से निर्वाचन सामग्री आई थी, जिसे नवीन मंडी स्थल स्थित स्ट्रांग रूम में उतारने की प्रक्रिया देर रात तक चलती रही। इसी दौरान वे लगातार ड्यूटी में व्यस्त रहे। बुधवार सुबह करीब चार बजे उन्हें घर पर ही अचानक तबीयत खराब होने की शिकायत हुई। परिजनों ने तुरंत स्थानीय चिकित्सक को दिखाया, लेकिन तबीयत में सुधार नहीं होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान ही उन्होंने अंतिम सांस ली। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार वे पूर्व से किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित नहीं थे।
निधन का समाचार मिलते ही खालापार स्थित उनके आवास पर सहकर्मियों, अधिकारियों, रिश्तेदारों और परिचितों की भीड़ उमड़ पड़ी। सभी ने स्तब्ध मन से हनीफ अहमद को याद किया। उनके निधन से परिवार में कोहराम मच गया। सुबह के समय हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक की गहरी छाया छोड़ दी। परिवार में दो बेटे हैं,कृबड़ा बेटा विदेश में मेडिकल क्षेत्र में कार्यरत है, जबकि छोटा बेटा बिजनौर में मेडिकल कॉलेज से शिक्षा ग्रहण कर रहा है। पिता के अचानक चले जाने से दोनों पुत्रों सहित पूरे परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।
बुधवार को खालापार कब्रिस्तान में गमगीन माहौल में उनके जनाजे को सुपुर्दे खाक किया गया। सहकर्मियों ने बताया कि हनीफ अहमद बेहद मिलनसार, संवेदनशील और खुशमिजाज व्यक्तित्व के धनी थे। कार्यालय में वे सभी के प्रिय थे और कार्य के प्रति उनकी निष्ठा मिसाल थी। स्थानीय प्रशासन और सहकर्मियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।







