मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

गुरुवार को चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सड़क पर उतरी। उन्होंने शहरी क्षेत्र में विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें चार कूडा वाहन खराब मिले और कई स्थानों पर गंदगी मिली। जिस पर चेयरपर्सन ने कडी नाराजगी जताई है। वहीं सुधार करने के सख्त आदेश दिए है।
शहर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की वास्तविक स्थिति समझने के लिए चेयरपर्सन ने विभिन्न क्षेत्रों का गंभीरता के साथ निरीक्षण किया है। उन्होंने रजवाहा रोड पर स्थित मंडी श्मशान घाट गेट के सामने बने कूड़ा डलावघर को देखा। यहां उन्होंने देखा कि डलावघर का भू-तल कच्चा है, जो बरसात के दौरान समस्या बढ़ा सकता है। उन्होंने तत्काल ही कूड़ा निस्तारण का कार्य देख रही कंपनी जेएस एनवायरो की टीम को बुलाकर पक्का फाउंडेशन प्लेटफार्म निर्माण के आदेश दिए। इसके बाद उन्होंने मौके पर खड़े रहकर सफाई कर्मियों से डलावघर के आसपास सड़क तक सफाई कराई और रजवाहा रोड की साइड पटरी को भी नियमित रूप से साफ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और कूड़े के पृथककरण के लिए चल रहे जागरूकता अभियान में लगे कर्मचारियों से वीडियो कॉल पर बात कर उनकी लोकेशन और कार्य की रफ्तार की जांच की। भोपा रोड स्थित जेएस एनवायरो कंपनी की दोनों पार्किंग में पहुंचकर उन्होंने गारबेज टिपर वाहनों की स्थिति का निरीक्षण किया। यहां चार वाहन खराब अवस्था में खड़े मिले। पालिकाध्यक्ष ने इस पर नाराजगी जताते हुए कंपनी के प्रोजेक्ट हेड नितेश चौधरी को मौके पर ही सभी वाहनों को तत्काल ठीक कराकर वार्डों में भेजने का निर्देश दिया। नई मंडी थाना क्षेत्र में स्थित बेसिक शिक्षा परिषद् की प्राइमरी पाठशाला पहुंचीं। पूर्व निरीक्षण में दिए गए सफाई निर्देशों की प्रगति की उन्होंने समीक्षा की। स्कूल परिसर में आवश्यक निर्माण और मरम्मत की जरूरत देखते हुए उन्होंने बीएसए से फोन पर बातचीत कर तुरंत आवश्यक कार्य शुरू कराने को कहा। इस दौरान व्यापारी नेता शलभ गुप्ता एडवोकेट, पूर्व सभासद प्रियांशु जैन और एसएफआई प्लाक्षा मैनवाल, नीतेश चौधरी आदि मौजूद रहे।







